Etah News: डग्गामार बस संचालक की गुंडई, बीच सड़क बेटी संग दंपती को बेल्टों से पीटा, पुलिस की भी रहती सांठगांठ
एटा में डग्गामार बस संचालक की गुंडई देखने को मिली। संचालक ने बीच सड़क बेटी संग दंपती को बेल्टों से पीटा। पुलिस पर भी आरोपियों से सांठगांठ का आरोप है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के एटा में शहर में जीटी रोड पर स्थित रोडवेज बस स्टैंड के आसपास डग्गामार वाहन संचालकों का दबदबा है। यहां पर कोई विरोध करने से भी डरता है। बस संचालक बीच सड़क पर अपनी गुंडई के बल पर वाहनों को खड़ा करके भरते हैं। दंपती और उनकी बेटी को बेल्टों से इसलिए पीटा गया कि उन्होंने बीच सड़क पर खड़ी बस से लग रहे जाम का विरोध कर दिया।
बीच सड़क भर रहा था सवारी, लग रहा था जाम
कोतवाली नगर में शहर के मोहल्ला बनगांव निवासी शिवानी पुत्री नरेश उर्फ कल्लू पुंढीर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें कहा है कि पांच मई को पिता और मां मीरा पुंढीर के साथ शाम करीब सात बजे बाजार से खरीदारी कर पैदल ही घर जा रहे थे। तभी बस स्टैंड पर बस (संख्या यूपी82 टी 9544) को सड़क पर खड़ा करके भरा जा रहा था। इसकी वजह से जाम लगा हुआ था। पिता ने चालक से बस को हटाकर सड़क किनारे खड़ा करने के लिए कहा।
तीनों को पकड़कर पीटने लगे
आरोप है कि इसके बाद बस स्वामी विजय प्रताप सिंह गाली-गलौज करने लगा। विरोध किया तो विजय के भाई रंजीत चौहान व कल्लू निवासी गांव दतेई, थाना मिरहची, हाल निवासी शृंगार नगर निधौली कलां रोड सहित दो अज्ञात व्यक्ति आए और पिता को पीटने लगे। आरोप है कि पिता को बचाने के लिए मां और मैंने प्रयास किया तो तीनों को सड़क पर गिराकर बेल्टों से पीटा गया।
तमंचा निकालकर हत्या करने की धमकी दी
इतना ही नहीं दबंगों ने बस से तमंचा निकालकर हत्या करने की धमकी भी दी। आरोप है कि पुलिस ने रंजीत चौहान को पकड़ भी लिया था। लेकिन, सांठगांठ करके छोड़ दिया। मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसके बाद एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
कोतवाली नगर प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर बढ़ा-चढ़ाकर दी जा रही थी। सत्य घटना की तहरीर मांगी गई, लेकिन नहीं दी। इसकी वजह से विलंब हुआ। एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।