{"_id":"6a6a3cf7f1d2edae5e0c5590","slug":"attack-on-food-department-team-etah-news-c-163-1-eta1014-154161-2026-07-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"Etah News: खाद्य विभाग की टीम पर हमला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Etah News: खाद्य विभाग की टीम पर हमला
Wed, 29 Jul 2026 11:18 PM IST
आगरा ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, एटा
संवाद न्यूज एजेंसी, एटा
Updated Wed, 29 Jul 2026 11:18 PM IST
विज्ञापन
जलेसर। थाना क्षेत्र के गांव समसपुर में मुख्यमंत्री पोर्टल पर मिली शिकायत की जांच करने पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम पर डेयरी संचालक सहित तीन लोगों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी के साथ अभद्रता की। जांच के लिए रखी गई दूध से भरी टंकी छीनकर भाग गए। घटना के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने डेयरी संचालक सहित तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।खाद्य सुरक्षा अधिकारी विमल कुमार ने बताया कि 28 जुलाई की सुबह करीब साढ़े नौ बजे सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) विजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पूनम के साथ सचल दल टीम गांव समसपुर स्थित सहज डेयरी पर निरीक्षण पहुंचे। निरीक्षण के दौरान परिसर में रखी एक टंकी में करीब 30 लीटर दूध मिला। प्रथम दृष्टया यह दूध मिलावटी प्रतीत हो रहा था। टीम ने नियमानुसार दूध का नमूना लेने की प्रक्रिया शुरू की। इस पर वहां मौजूद टिंकू और बिलाल उर्फ विशाल निवासी मोहल्ला घोसियान ने कार्रवाई का विरोध करते हुए धक्का-मुक्की और गाली-गलौज करने लगे। मना करने पर आरोपियों ने अधिकारियों को पीटा और धमकाते हुए दूध की टंकी छीन कर बाइक से भाग गए। विमल कुमार ने बताया कि पूरी घटना डेयरी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी की तहरीर पर डेयरी मालिक स्वामी चरन यादव, टिंकू और बिलाल उर्फ विशाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
विज्ञापन