अवागढ़/एटा। क्षेत्र की चार समस्याओं के निदान के लिए भारतीय किसान यूनियन (किसान) का 14 दिन से चल रहा धरना व एक सप्ताह से चल रही भूख हड़ताल बृहस्पतिवार को समाप्त हो गई। धरने पर अन्न-जल त्याग कर बैठे राष्ट्रीय महासचिव शिवप्रताप सिंह अंशू व मंडल अध्यक्ष नितिन ठाकुर को दोपहर 3:30 बजे एडीएम विवेक मिश्रा व एएसपी ओपी सिंह ने जूस पिलाकर धरना समाप्त कराया।
एडीएम विवेक मिश्रा ने अनशनकारियों को बताया कि उनकी एक मांग नरौरा गांव की थी, जिसका आज ही निस्तारण करा दिया गया है। जिनावली से नगला किशन सिंह की सड़क को एक माह के अंदर बनवा दिया जाएगा, रोडवेज तिराहा को जाम से मुक्ति दिलाने के लिये बाईपास मार्ग का प्रस्ताव शासन को बनाकर भेजा जाएगा।
वहीं टीटीजेड में अवागढ़ क्षेत्र को शामिल कराने के लिए जिलाधिकारी अपने स्तर से पहल करेंगी, ग्राम खुशरई पर आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए स्पीड ब्रेकर का निर्माण करा दिया जाएगा। इस दौरान एसडीएम एसपी वर्मा, सीओ इरफान नासिर, राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन ठाकुर, सोनू ठाकुर, धनीराम यादव, हर्ष गुप्ता, सतेंद्र जादौन, नीटू शर्मा, पिंटू यादव, दीपक सिंह, विकास खेरी, प्रबल ठाकुर आदि मौजूद रहे।