Etah: सड़क हादसे में युवक की मौत, सास की तेरहवीं से लौट रहा था, अन्य हादसों में दंपती सहित पांच घायल, दो रेफर
एटा में अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दंपती सहित पांच लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत नाजुक है। इन्हें इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया गया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के एटा में बीती रात 11 बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वह अपनी चचेरी सास की तेरहवीं से लौट रहा था। हादसा निधौली कलां थाना क्षेत्र में हुआ। वहीं अन्य हादसों में दंपती सहित पांच लोग घायल हो गए। इनमें से दो को हालत गंभीर बनी है। उन्हें आगरा के लिए रेफर किया गया है।
निधौली कलां थाना क्षेत्र के रफतनगर सैंथरा और नगला धनी गावं के बीच हादसे में बाइक सवार बंटू सिंह (28) निवासी मदनपुर की मौत हो गई। मृतक के बड़े भाई मुन्नेश कुमार ने बताया कि नगला रूप गांव थाना पिलुआ में बंटू की ससुराल है। चचेरी सास की तेरहवीं में गया था। वहां से रात करीब 10 बजे बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
डेयरी गाड़ी के चालक ने घर आकर बताया
बताया कि दूध डेयरी की मैक्स पिकअप का चालक गांव में रात करीब 11 बजे लौटा। तब उसने हादसा होने की बात बताई। इसके बाद वह लोग गांव से करीब दो किमी दूर घटनास्थल पर पहुंचे। घायल भाई को मेडिकल कॉलेज ले गए। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
दंपती घायल हो गए
वहीं कोतवाली देहात क्षेत्र में हाईवे स्थित दूल्हापुर गांव के पास शुक्रवार की रात करीब दो बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार पवन कुमार और इसकी पत्नी रीता निवासी रायपुर, थाना जहानगंज, जिला फर्रुखाबाद घायल हो गए।
पवन और बृजेश आगरा के लिए रेफर
थाना मिरहची क्षेत्र स्थित गांव धिरामई के पास ऑटो की टक्कर से बाइक सवार बृजेश कुमार व वृंदावन निवासी कसैटी थाना कोतवाली देहात घायल हुए हैं। जबकि, थाना मलावन आसपुर के पास बाइकों की भिड़ंत में प्रदीप कुमार निवासी गांव धनकरा, थाना एका, जिला फिरोजाबाद घायल हुआ है। मेडिकल कॉलेज में हालत गंभीर देखते हुए पवन और बृजेश को आगरा के लिए रेफर किया गया है।