अखिलेश-मुलायम के 'घर' में सबसे अधिक बिजली चोरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के गृह जनपद में सबसे अधिक बिजली चोरी हो रही है। मैनपुरी, इटावा, फीरोजाबाद में भारी संख्या में लोगों के पास कनेक्शन नहीं है। कटिया डालकर बिजली जलाई जा रही है और भारी लाइन लॉस हो रहा है। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल) के रिकार्ड के अनुसार यहां 58-59 फीसदी तक लाइन लॉस है। अब अभियान में चोरी रोकने की कोशिश होगी।
आगरा, अलीगढ़, कानपुर, झांसी, बांदा चार जोन में डीवीवीएनएल की ओर से बिजली सप्लाई की जाती है। डीवीवीएनएल की ओर से मार्च तक की स्थिति के आधार पर लाइन लॉस पर रिपोर्ट तैयार की गई है।
इसके अनुसार फीरोजाबाद शहरी खंड में 62.51 फीसदी लाइन लॉस है, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 65.92 प्रतिशत था। मैनपुरी में बिजली चोरी बढ़ी है। यहां लगभग आठ फीसदी लाइन लॉस बढ़ा है। पिछले वर्ष यहां 51.91 प्रतिशत लाइन लॉस था जो इस साल बढ़कर 59.17 फीसदी हो गया।
चोरी पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग अभियान
इटावा विद्युत वितरण मंडल द्वितीय में 75 प्रतिशत लाइन लॉस है। हालांकि विद्युत वितरण मंडल प्रथम में पिछले वर्ष के 72.20 फीसदी की तुलना में इस बार लाइन लॉस घटकर 59.61 प्रतिशत हो गया है। कन्नौज में भी बिजली चोरी अधिक है। यहां लाइन लॉस 71.67 प्रतिशत है।
प्रदेश सरकार ने बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग अभियान शुरू किया है। हालांकि पूरे प्रदेश में पहली जुलाई से अभियान शुरू किया गया, लेकिन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सबसे पहले अपने गृह जनपद से इस अभियान की शुरूआत पिछले सप्ताह करवा दी। ताकि जनता में यह संदेश जाए कि उन्होंने सबसे पहले शुरुआत अपने घर से की है।
आगरा, अलीगढ़, एटा, कानपुर, बांदा, हमीरपुर में बिजली चोरी कम है। यहां लाइन लॉस 30 फीसदी के आसपास है।