यूपी: मासूम से रेप और हत्या के बाद मुरादाबाद में बवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुरादाबाद में संभल रोड पर गांगन तिराहे के पास नौ साल की मासूम लड़की से बलात्कार और हत्या पर लोगों का आक्रोश रविवार को भी भड़का। ग्रामीण सुबह ही दुकानें बंद करके सड़क पर उतर आए। पोस्टमार्टम के बाद शव को लेकर पुलिस गांव पहुंची तो नारेबाजी होने लगी।
लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने जल्दी शव का अंतिम संस्कार कराना चाहा। शव लेकर आए वाहन में तोड़फोड़ की। उधर, गिरफ्तार आरोपी को बालिग मानते हुए पुलिस ने थाने की जीडी में एंट्री की। वारदात से गांगन तिराहा ही नहीं, तमाम गांवों में लोग सहमे हुए हैं।
लड़की शनिवार शाम साढ़े सात बजे बड़े भाई के कहने पर मुर्गे के व्यापारी युवक (18) को बुलाने गई थी। परीक्षा के दौरान आरोपी युवक लड़की के भाई से ट्यूशन पढ़ता था। काफी देर तक लड़की घर नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई।
झाड़ियों में मिली लड़की की लाश
लड़की की बड़ी बहन आरोपी युवक की दुकान पहुंची तो वह झाड़ियों से निकलता दिखा। युवक ने कहा कि लड़की वहां नहीं आई। इसके बाद युवक खुद भी परिवार वालों के साथ लड़की को ढूंढता रहा। उसके पिता लड़की के भाई के साथ गुमशुदगी लिखाने थाने गए।
रात करीब सवा 12 बजे युवक के खोखे के पीछे झाड़ियों में लड़की की लाश मिली। शरीर पर कपड़े नहीं थे। गर्दन धारदार हथियार से रेती गई थी। तब लोगों ने आरोपी युवक को पकड़कर जमकर पीटा। पुलिस उसे भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई।
ग्रामीणों ने आरोपी को मौके पर ही सजा देने की मांग करते हुए जाम लगा दिया। आरोपी के खोखे में आग लगाई। वाहनों में तोड़फोड़ की। आरोपी का घर फूंकने की कोशिश की।
रेप और हत्या के वक्त अकेला नहीं था आरोपी!
देर रात पुलिस ने लोगों को शांत कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद फिर गुस्सा फूटा। लोगों ने आरोपी को फांसी देने की मांग की। कहा कि पुलिस आरोपी के इशारे पर काम कर रही है। एसडीएम, सीओ आदि अफसरों ने पहुंचकर मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
लड़की के साथ दरिंदगी और हत्या की इस वारदात में आरोपी के साथ किसी और युवक के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। लड़की के भाई ने बताया कि युवक दुकान पर अकेला नहीं बैठता था। उसके साथ उसका एक दोस्त भी रहता था। लेकिन घटना के बाद से वह फरार है।
परिजनों ने कहा कि आरोपी युवक अकेले बलात्कार और हत्या नहीं कर सकता। यकीनन उसका कोई साथी भी इस वारदात में शामिल है। दोनों ने साथ मिलकर रेप और फिर हत्या की।
आरोपी के घर के बाहर लगाई फोर्स
आरोपी युवक का घर फूंकने की कोशिश के साथ ही लोगों ने उसके परिवार वालों के साथ मारपीट की भी कोशिश की। अफसरों ने बवाल बढ़ता देख आरोपी युवक के घर के बाहर फोर्स तैनात कर दी। गांव में दूसरे समुदाय के सभी परिवार भी बुरी तरह सहमे थे।
पूरा गांव सड़क पर था, लेकिन आरोपी और दूसरे समुदाय के लोग अपने घरों पर रहे। पीएसी के साथ अफसर भी पूरे गांव में गश्त करके लोगों से शांति बनाने की अपील कर रहे थे।