खुखुंदू। बसपा नेता और जिला पंचायत सदस्य संदेश उर्फ मिस्टर यादव से इंस्पेक्टर खुखुंदू राहुल सिंह के बिगड़े बोल का मामला एडीजी अशोक मुथा जैन के पास गोरखपुर जा पहुंचा है। एडीजी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी संजीव सुमन से पूरे प्रकरण की जांच कराकर जल्द से जल्द रिपोर्ट मांगी है। उधर, एसपी के निर्देश पर सीओ सलेमपुर ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि बीते 19 मार्च की दोपहर में करीब 12:26 बजे जिला पंचायत सदस्य और बसपा के लोकसभा प्रत्याशी रहे संदेश उर्फ मिस्टर यादव ने खुखुंदू इंस्पेक्टर के सीयूजी नंबर पर फोन कर अपना परिचय दिया। आरोप है कि परिचय सुनते ही इंस्पेक्टर राहुल सिंह ने फोन काट दिया। इसके बाद बसपा नेता दो बार लगातार फोन मिलाते रहे घंटी बजती रही लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। फिर जब वे थाने पहुंचे तो इंस्पेक्टर ने उनसे गलत तरीके से बात की और प्राथमिकी दर्ज करने की धमकी दी। उधर, इंस्पेक्टर के बिगड़े बोल की शिकायत लेकर बसपा नेता सीधे गोरखपुर एडीजी अशोक मुथा जैन के पास जा पहुंचे। एडीजी ने एसपी संजीव सुमन को निर्देश देते हुए पूरे प्रकरण की जांच कराकर रिपोर्ट मांगी है। बसपा नेता ने कहा कि एडीजी ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इसके अलावा जिला पंचायत सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल भी एएसपी देवरिया से मिलकर इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग किया है।