देवरिया। सब जूनियर बालक स्टेट फुटबाॅल प्रतियोगिता में प्रतिभागिता के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार को जिला स्तरीय ट्रायल का आयोजन किया गया। इसमें फिटनेस व गेम स्किल जांचने के बाद 10 सदस्यीय टीम का चयन मंडल ट्रायल के लिए किया गया। नौ से 16 अगस्त तक आगरा में खेल निदेशालय एवं प्रदेश फुटबाॅल संघ की देखरेख में प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालक वर्ग की फुटबाॅल प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें जनपद के भी खिलाड़ी हिस्सा ले सकें इसके लिए सोमवार को रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला ट्रायल का आयोजन किया गया। इसमें कुल 11 खिलाड़ियों ने दावेदारी पेश की। नए तैनात किए गए प्रशिक्षक विजय कुमार पाल, राष्ट्रीय खिलाड़ी सुभाष चंद्र, दिवाकर मणि त्रिपाठी ने इनकी फिटनेस और गेम स्किल को जांचा। क्रीड़ाधिकारी राज नारायण प्रसाद ने बताया कि जनपद स्तरीय ट्रायल के बाद अनुज कुमार प्रजापति, नीरज तिवारी, विजय कुमार निषाद, नियामत अंसारी, सूरज यादव, शिवम यादव, अंकुश सिंह, बिट्ठल गौड़, विशाल राय, गौतम चौहान का चयन मंडल ट्रायल के लिए किया गया है। आठ अगस्त को मंडल ट्रायल गोरखपुर क्षेत्रीय क्रीड़ांगन में होगा और वहीं से गोरखपुर मंडल की टीम आगरा के लिए रवाना भी हो जाएगी। संवाद