फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Deoria News ›   team created to prevent corona

जिले में आए 95 मरीजों की हुई स्क्रीनिंग 12 की जारी है तलाश

Tue, 17 Mar 2020 11:21 PM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Tue, 17 Mar 2020 11:21 PM IST
विज्ञापन
team created to prevent corona
स्क्रीनिंग के लिए स्वास्थ्य विभाग की पांच टीमों को दी गई जिम्मेदारी
विज्ञापन

कोरोना वायरस से निपटने के लिए सीएमओ के नेतृत्व में बनीं 12 टीमें
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। कोरोना वायरस को लेकर लोग दहशत में जीने को मजबूर हैं। सर्दी, जुकाम होने पर लोग तुरंत डॉक्टर के पास पहुंच रहे हैं। जिले में प्रभावित देशों से आए 95 लोगों की स्क्रीनिंग कर ली गई है। 12 लोगों की तलाश टीम कर रही है। किसी भी व्यक्ति के अंदर कोई कोरोना के लक्षण नहीं मिले हैं।
सीएमओ के नेेतृत्व में 12 टीमों का गठन किया गया है। इसमें एसीएमओ, डॉक्टर, मलेरिया विभाग के कर्मचारी शामिल हैं। सभी को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है। किए जा रहे कार्यों का वीडियो और फोटो स्वास्थ्य विभाग के मेल और व्हाट्सएप ग्रुप पर भेजना है। मंगलवार को मलेरिया विभाग की पांच टीमों को क्षेत्र बाकी 12 लोगों की स्क्रीनिंग के लिए भेजा गया। शाम तक सभी की स्क्रीनिंग नहीं हो सकी थी। स्वास्थ्य विभाग ने विदेश से आए 95 लोगों की स्क्रीनिंग पूरा तो कर ली है, बावजूद इन लोगों को घरों के अंदर रखा जा रहा है। जिनकी मॉनीटरिंग 28 दिन तक करनी है। सुबह गोरखपुर एयरपोर्ट से 12 लोगों की लिस्ट स्वास्थ्य विभाग को मिली जो देवरिया जिले के रहने वाले हैं। इस बाबत एसीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि विदेशों से आए लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है। टीम बनाकर सतर्कता बरती जा रही है।
विज्ञापन

आठ घंटे ही खुल रहा कंट्रोल रूम
देवरिया। सीएमओ कार्यालय के 25 नंबर कमरे में कंट्रोल रूम बनाया गया है। प्रचार-प्रसार की कमी के कारण चार दिन में एक भी 05568222749 पर कॉल नहीं आया है। कंट्रोल रूम को 24 घंटे खोलने के निर्देश हैं। लेकिन ऑफिस टाइम से कार्यालय खुलता और बंद होता है। इसको लेकर स्वास्थ्य महकमा गंभीर नहीं है।
विज्ञापन
विज्ञापन

सोमनाथ नगर में चलाया जागरूकता अभियान
देवरिया। आचार्य व्यास मिश्र स्मृति देवरिया महोत्सव की ओर से मंगलवार को सोमनाथ नगर के शिवधाम में कोरोना वायरस के प्रति जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें लोगों को अफवाहों से बचने व स्वच्छता से बचाव की जानकारी दी गई। अमित कुमार मिश्र ने कहा कि कोरोना वायरस एक विश्व व्यापी समस्या है। लोग कोरोना को लेकर भ्रम में पड़ने के बजाय कुछ जरूरी उपाय अपनाकर इससे बचाव कर सकते हैं। सीमा जायसवाल ने कोरोना वायरस से बचने के लिए लोगों को कई नुस्खे बताए। उन्होंने कहा कि सर्दी, बुखार, बदन दर्द आदि होने पर नजदीकी चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। इस दौरान राजू मिश्र, मनीष मिश्र, माया सिंह, अनुराधा गुप्ता, दुर्गेश तिवारी, ममता शाह, कुसुम जायसवाल, विकास मिश्र आदि मौजूद रहे।
कोरोना के संदेह में युवक को देख भागे कर्मचारी और डॉक्टर
दुबई और सऊदी से आए हैं युवक, बुखार और खासी से पीड़ित
कांउसिलिंग के बाद डॉक्टरों की टीम ने घर जाने का दी सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। दुबई और सऊदी से आए युवक कोरोना वायरस के संदेह में मंगलवार को जिला अस्पताल पहुंच गए। सीएमएस कार्यालय में मौजूद डॉक्टर और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कपड़े से मुंह ढककर डॉक्टर के पास कर्मचारी ले गए। काउंसलिंग और दवा देने के बाद जरूरी हिदायत देकर दोनों को घर भेज दिया गया।
भागलपुर ब्लॉक के एक गांव का युवक दस दिन पूर्व दुबई से घर आया। उसे खासी और बुखार आ रहा था। प्राइवेट दुकान से दवा लिया, लेकिन सेहत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसी तरह बनकटा ब्लॉक के एक कस्बा का रहने वाला युवक एक दिन पूर्व सऊदी से घर आया। करीब पांच दिनों से इसे बुखार आ रहा है। दोनों मरीज दोपहर में बारी-बारी से जिला अस्पताल पहुंचे। ओपीडी में मरीजों की भीड़ अधिक होने के कारण दोनों सीएमएस कार्यालय में घुस गए। वहां पहले से कुछ डॉक्टर, कर्मचारी और लोग बैठे हुए थे। दोनों युवक खुद को दूसरे देश से आने की बात कहते हुए कोरोना वायरस का संदेह जताया। यह सुनते ही सीएमएस का कार्यालय खाली हो गया। लोग मुंह पर रुमाल रखकर वहां से खिसक गए। आनन-फानन सीएमएस दोनों के चेहरे कपड़े से ढकवाए और डॉ. डीके सिंह के पास भेजे। दोनों युवक घबराए हुए थे। डॉक्टरों की टीम ने करीब एक घंटे तक दोनों की काउंसलिंग की। दोनों की एयरपोर्ट पर जांच हुई है। दवा देने के बाद डॉक्टरों ने घर भेज दिया और स्वस्थ होने तक घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी। दूसरे देश से बीमार लोगों के जिला अस्पताल में आने की खबर मिलते ही ओपीडी में आए कई मरीज बिना इलाज कराए चले गए। डॉ. डीके सिंह ने बताया कि दो युवक आए थे। उन्हें कोरोना वायरस होने का भय था। लेकिन कुछ भी ऐसा नहीं था। काउंसिलिंग की गई और दवा देकर छोड़ दिया गया।
फोटो समाचार
कोरोना से डरे नहीं, बरतें एहतियात
पालिका ने प्रचार-प्रसार कर नगरवासियों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। कोरोना को लेकर नगर पालिका ने प्रचार-प्रसार कराकर नगरवासियों को एहतियात बरतने को कहा है। लोगों से साफ-सफाई पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।
नगर पालिका अध्यक्ष उमाशंकर सिंह विशेन और अधिशासी अधिकारी चंद्रकृष्ण पांडेय के निर्देशन पर नगर में जागरूकता अभियान चलाकर प्रचार-प्रसार कराया गया। जबकि सार्वजनिक जगहों और वार्ड के गली-कूचों में पोस्टर भी चस्पा किया गया। स्वच्छता प्रभारी मनोज गुप्त और आनंद सिंह ने प्रचार-प्रसार के जरिए कोरोना वायरस से बचाव के उपाय भी बताया। लोगों को हाथों को साबुन से अच्छी तरह साफ करने, खांसते-छींकते समय रुमाल या टिशू पेपर से नाक और मुंह ढकने, सर्दी या फ्लू के लक्षण वालों से एक मीटर की दूरी बरतने, अंडे-मांस के सेवन, जंगली जानवरों के संपर्क में आने, यात्रा करने, हाथ मिलाने और सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लेने से बचने आदि की सलाह दी गई। दूसरी ओर संपूर्ण समाधान दिवस पर चिकित्साधीक्षक डॉ. अजय पाल ने दूर-दराज से आए फरियादियों को कोरोना से बचाव का उपाय बताया। एहतियातन सभी अधिकारी और कर्मचारी मॉस्क पहने हुए थे।
एक मीटर की दूरी पर सीबीएसई के विद्यार्थियों ने दी परीक्षा
सलेमपुर। कोरोना वायरस के विश्व व्यापी प्रभाव को देखते हुए सीबीएसई के निर्देश पर मंगलवार को सेंट जेवियर्स स्कूल में परीक्षार्थियों के लिए हाइजेनिक कदम उठाए गए। सभी परीक्षार्थियों ने प्रवेश के समय सेनिटाइजर का प्रयोग किया। परीक्षा में विद्यार्थियों ने एक मीटर के अंतराल बैठ कर परीक्षा दी। इस दौरान उन्हें कोरोना से बचने के उपाय भी बताए गए। सेंट जेवियर्स स्कूल में मंगलवार को सीबीएसई की कक्षा 12वीं की गणित की परीक्षा थी। इसमें कुल 245 परीक्षार्थियों में 228 परीक्षार्थी भाग लिए। प्रधानाचार्य वीके शुक्ल ने अपने स्टाफ विवेकानंद तिवारी, संदीप यादव, विवेक व रवि के साथ सेनिटाइजर से हाथ साफ कराया।
टिप्स दे रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता
देवरिया। कोरोना वायरस के साथ ही संक्रामक रोगों से बचने के लिए आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की टीम घर-घर दस्तक दे रही है। लोगों को कोरोना से बचने के लिए टिप्स दे रही है और बचाव की जानकारी भी साझा कर रही हैं। पहली बार दस्तक अभियान में अन्य बीमारी को प्रचार-प्रसार से जोड़ा गया है।

सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने बताया जिले के सभी ब्लॉकों की आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की टीम दस्तक अभियान के तहत घर-घर जाकर लोगों को कोरोना से बचाव की जानकारी देकर लोगों को जागरूक कर रही है। बताया जा रहा है कि कोरोना वायरस से न घबराएं, खुद बचें और सबको बचाएं जैसे जागरूकता के नारों के साथ वे यह बता रही हैं कि कोरोना वायरस एक फ्लू जैसी बीमारी फैलाता है। जिसके लक्षण हैं बुखार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ। डीसीपीएम राजेश गुप्ता ने बताया कि संचारी रोगों के साथ ही कोरोना के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। डोर-टू-डोर भ्रमण के दौरान आशा ऐसे व्यक्तियों की सूचना तत्काल प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को देंगी, जिन्होंने पिछले 14 दिनों के भीतर विदेश यात्रा की हो। प्रभावित व्यक्ति को अगले 14 दिनों के लिए घर के सदस्यों एवं अन्य लोगों के साथ संपर्क सीमित करने और अलग कमरे में सोने की सलाह देंगी। भाटपाररानी उपकेंद्र के रघुनाथपुर में आशा संगिनी रंजना की अगुवाई में मंगलवार को आशा कार्यकर्ताओं ने गांव के बच्चों और महिलाओं को मॉस्क का इस्तेमाल करने की जानकारी दी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed