Deoria News: लाइनमैन की करंट से मौत, नाराज लोगों ने किया सड़क जाम
चंपापुर फीडर पर तैनात प्राइवेट लाइनमैन की करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन शव लेकर वकीलगंज चौराहा पहुंचे एवं गौरी बाजार-हाटा मुख्य मार्ग जाम कर दिए, जिससे आवागमन ठप हो गया। इसकी भनक लगते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा।
विस्तार
पोल पर फाल्ट ठीक करते समय करंट की चपेट में आने से प्राइवेट लाइनमैन की मौत हो गई। नाराज गांव वालों ने वकीलगंज चौराहा पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। नाराज लोग मुआवजे की मांग करते हुए पुलिस और बिजली निगम कर्मचारियों के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। तहसीलदार और पुलिस के आश्वासन पर नाराज लोग माने और जाम खत्म हुआ। इसकी वजह से गौरीबाजार-हाटा मार्ग पर दो घंटे तक आवागमन ठप रहा।
चंपापुर फीडर पर तैनात प्राइवेट लाइनमैन की करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन शव लेकर वकीलगंज चौराहा पहुंचे एवं गौरी बाजार-हाटा मुख्य मार्ग जाम कर दिए, जिससे आवागमन ठप हो गया। इसकी भनक लगते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत किया। इसके बाद जाम खुल सका।
गौरी बाजार थाना क्षेत्र के रामपुर जीयन गांव निवासी 41 वर्षीय सुभाष शाही चंपापुर उपकेंद्र पर प्राइवेट लाइनमैन थे। रविवार को दिन में करीब एक बजे कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र के बेलवा बाबू गांव में फाल्ट ठीक करने गया था। अचानक तार में करंट दौड़ने की वजह से लाइनमैन की मौत हो गई।
इसकी जानकारी होने पर लाइनमैन के परिजन और गांव वाले बेलवा बाबू गांव में पहुंच गए और शव को लेकर गौरीबाजार थाना क्षेत्र के वकीलगंज चौराहा पर पहुंचे और 3:50 बजे शव रखकर सड़क जाम कर दिए। बिजली निगम के कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्राइवेट लाइनमैन के बेटे को सरकारी नौकरी देने और 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग कर रहे थे, बिजली निगम कर्मियों पर केस दर्ज किया जाए।
मौके पर 5:30 बजे नायब तहसीलदार मुकेश वर्मा,एसओ राजू सिंह पहुंचे को प्रदर्शनकारियों ने मांग पत्र सौंपा। इसके बाद प्रदर्शनकारी सड़क से हटे और आवागमन शुरू हो सका। विद्युत संविदा संगठन के प्रांतीय मंत्री राजेश्वर सिंह ने बताया कि आउट सोर्सिंग से रखे गए कर्मचारियों को निगम इस तरह की घटनाओं में सुविधा नहीं दे रहा है। मृतक को मुआवजा मिलना चाहिए।