भाटपाररानी नगर के शिव मंदिर रोड में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी। नगर के वार्ड संख्या सात शिव मंदिर रोड स्थित एक दुकान में रविवार की रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे करीब तीस लाख रुपये से अधिक का रखा सामान जल गया। नगर के लोगों के सहयोग से फायर ब्रिगेड कर्मियों व पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। भाटपाररानी क्षेत्र के ग्राम रुच्चापार निवासी माधव मिश्रा की नगर के शिव मंदिर रोड पर दुकान हैं, वह थोक विक्रेता हैं। वह प्रतिदिन की तरह रात में दुकान बंद कर गांव चले गए थे। इसी बीच दुकान के अंदर से धुआं निकलते देख आस-पास के लोग जुट गए। शटर तोड़ा तो दुकान में आग लगी थी और लपट उठ रही थी। यह देख लोग आग बुझाने में जुट गए। किसी ने जानकारी दुकानदार माधव मिश्रा तथा पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी। इसके बाद पुलिस और अग्निशमन कर्मी पहुंच गए। उन्होंने लोगों की मदद से काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सामान जलकर नष्ट हो गया था। दुकानदार ने बताया कि हल्दीराम नमकीन सहित कई खाद्य पदार्थ, हार्लिक्स, टाफी, बोर्नवीटा आदि के होलसेल की एजेंसी ले रखी है। दुकान में 30 लाख से अधिक का खाद्य पदार्थ और अन्य सामान रखा था। आग से सब कुछ जलकर राख हो गया है। थानाध्यक्ष प्रभु दयाल सिंह ने बताया कि शाॅर्ट सर्किट से दुकान में आग लगी थी। मौके पर पुलिस टीम ने दमकल कर्मियों के साथ पहुंचकर आग बुझाई।