Deoria Murder Case: जिसकी जमीन के लिए हुई छह की हत्या... वो ज्ञान यहां नौकरी करता मिला, फोन पर फूट-फूट कर रोया
देवरिया के लेड़हा टोला सामूहिक हत्याकांड में मृत सत्यप्रकाश दूबे का छोटे भाई ज्ञान प्रकाश दूबे गुजरात में एक फैक्टरी में नौकरी करता मिला। उसे पुलिस ने खोज निकाला है। पुलिस ने उससे फोन पर संपर्क कर भाई और परिवार की हत्या की जानकारी दी तो वह फूट-फूट कर रोने लगा।
विस्तार
फोन पर भाई और उनके परिवार की हत्या की जानकारी मिलने पर ज्ञान प्रकाश फूट-फूट कर रोए। अब पुलिस उन्हें गांव पर बुलाकर उनका बयान दर्ज कराने की तैयारी में है। इसके लिए ज्ञान ने हामी भी भरी है।
लेड़हा टोला निवासी सत्यप्रकाश दुबे के छोटे भाई ज्ञान प्रकाश दुबे ने अपनी चल-अचल संपत्ति प्रेम यादव और रामजी के नाम कर दी है। इसमें दस बीघा जमीन का बैनामा ज्ञान प्रकाश उर्फ साधु ने किया है। घटना की जांच में यह बात सामने आई है कि ज्ञान और सत्यप्रकाश के बीच हिस्सेदारी का विवाद था।
ज्ञान प्रकाश दुबे प्रेम यादव के घर रहते थे, लेकिन बीते तीन माह से वह लापता थे। इसको लेकर भी कई तरह की चर्चाएं हो रहीं थीं। मामले की जांच पुलिस ने शुरू की तो ज्ञान प्रकाश का फोन नंबर शुक्रवार को पुलिस टीम को मिल गया। पुलिस ने फोन पर बातचीत की तो तो पता चला कि वह गुजरात में एक फैक्टरी में काम कर रहे हैं।
फतेहपुर गांव के लेड़हा टोला में सामूहिक हत्याकांड के आरोपियों की तलाश में पुलिस ने बुधवार की रात कई स्थानों पर ताबड़तोड़ छापे मारे। पुलिस की कार्रवाई से आरोपियों के सगे-संबंधी भी सहमे हुए हैं। गांव के चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा है। गांव में हर आने-जाने वाले का रिकॉर्ड पुलिस तैयार कर रही है। वहीं, पुलिस की पहरेदारी से गांव में अन्य ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होने लगी है। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं।
बता दें कि देवरिया जिले में रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गांव में सोमवार को सुबह छह बजे जमीन के विवाद में एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। इससे गुस्साएं पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के घर में घुसकर पति, पत्नी और उसके तीन संतानों को गोली मारकर और धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी, जबकि एक बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है।