सुभाष चौक से कचहरी तक निकाला पैदल मार्च
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। बिजली कटौती के विरोध में रविवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शहर में लालटेन जुलूस निकाला। सुभाष चौक से कचहरी तक पैदल मार्च करते कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष हरिनारायण चौहान ने कहा कि प्रदेश में बिजली की अघोषित कटौती हो रही है। जनता बिजली कटौती के कारण गर्मी से परेशान हो रही है। अकेले पूर्वांचल में सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है। अस्पतालों में भर्ती मरीज गर्मी से बेहाल होकर भाग रहे हैं। गर्मी के कारण तमाम बीमारियों के शिकार हो रहे हैं। सरकार प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति कराए। ताकि गर्मी से लोगों को निजात मिल सके। साथ ही मृतक के परिवार को मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग की। उन्होंने कहा ये बेहद दुर्भाग्य है कि 21वीं सदी में लोगों को बिजली जैसी मूलभूत आवश्यकता की पूर्ति नहीं हो रही है। दूसरी ओर दिल्ली की केजरीवाल सरकार बिना कटौती जनता को 24 घंटे बिजली मुहैया करा रही है। उत्तर प्रदेश सरकार को दिल्ली की सरकार से सीख लेनी चाहिए। इस दौरान महासचिव मनोज श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष रविंद्र चौरसिया, अविनाश कुमार सिंह, पूनम पांडेय, सुनीता देवी, शिव मौर्य, रविप्रताप सिंह, ध्रुवदेव यादव, राकेश पाठक आदि मौजूद रहे।