{"_id":"68-96808","slug":"Deoria-96808-68","type":"story","status":"publish","title_hn":"भाजपा और हियुवा नेताओं में मारपीट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
भाजपा और हियुवा नेताओं में मारपीट
Deoria
Updated Sun, 12 Oct 2014 05:30 AM IST
विज्ञापन
रामपुर कारखाना। नगर के गुदरी वार्ड में चल रहे रामलीला मंच के पास शनिवार की शाम भाजपा और हियुवा नेता में मारपीट हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले आई। दोनों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाया है। देर रात तक दोनों पक्षों में सुलह की बात चल रही थी। नगर पंचायत रामपुर कारखाना की अध्यक्ष राधिका देवी के बेटे सतीश वर्मा हियुवा के नगर अध्यक्ष हैं। भाजपा के नगर महामंत्री पुरुषोत्तम नारायण मिश्र ने नगर में हो रहे कार्यों में धांधली का आरोप लगाते हुए अधिकारियों से जांच की मांग की थी। इससे हियुवा नेता नाराज चल रहे थे। पुरुषोत्तम का कहना है कि शनिवार की शाम चार बजे सतीश वर्मा फोन कर उन्हें रामलीला मंचन के पास बुलाया। जब वह पहुंचे तो शिकायत का आरोप लगाकर मारने लगे। वहीं सतीश वर्मा का कहना है कि पुरुषोत्तम नारायण कह रहे थे कि राजगद्दी का मेला इस बार सड़क पर लगेगा। जब यह कहा कि मेला जहां लगता था, वहीं लगेगा तो वह नाराज हो गए और मारपीट करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने लाई। भाजपा और हियुवा नेता रामपुर कारखाना थाने पहुंचे। देर रात तक सुलह-समझौते की बात चलती रही। एसओ अशोक यादव का कहना है कि दोनों पक्षों ने मारपीट की है। थाने लाया गया है। वे आपस में समझौता करने की बात कह रहे हैं।
विज्ञापन