पडरौना। सोहरौना स्थित प्राथमिक विद्यालय में रविवार को लखनऊ के लोकभवन में हुए निशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का प्रसारण हुआ। इसके बाद जिले के 400 लाभार्थियों में रसोई गैस सिलेंडर रिफल सब्सिडी का वितरण किया गया।
मुख्य अतिथि सांसद विजय कुमार दूबे ने कहा कि सरकार आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को मिट्टी के चूल्हे से निकलने वाले धुएं से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से मुक्ति दिलाने के लिए सब्सिडी पर अतिरिक्त रसोई गैस सिलेंडर भराने की सुविधा दी है। सरकार का यह कदम महिलाओं के स्वास्थ्य एवं जीवन स्तर सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे उनके स्वास्थ्य की रक्षा हो तथा घरेलू बजट पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी कम हो सके। उन्होंने कहा कि जिले कुल 3,13,567 लाभार्थी इस योजना से आच्छादित हैं, जो विभिन्न तेल कंपनियों के माध्यम से योजना का लाभ प्राप्त करेंगे। प्रतिकात्मक चेक वितरण कार्यक्रम को रामकोला विधायक विनय प्रकाश गोंड, हाटा विधायक मोहन वर्मा, खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय, डीएम महेंद्र सिंह तंवर आदि ने संबोधित किया। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष नंदकिशोर मिश्रा, श्याम स्वरूप, जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पांडेय, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी राजीव कुमार आदि मौजूद रहे।