फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Deoria News ›   सूचना नहीं देने पर बीएसए पर लगाया 25 हजार का अर्थदंड

सूचना नहीं देने पर बीएसए पर लगाया 25 हजार का अर्थदंड

Sun, 21 Oct 2018 11:52 PM IST
Updated Sun, 21 Oct 2018 11:52 PM IST
विज्ञापन
सूचना नहीं देने पर बीएसए पर लगाया 25 हजार का अर्थदंड
केबल कटने से सैकड़ों घरों की बत्ती गुल
विज्ञापन

सलेमपुर। नगर के करीब दो सौ लोगों का बिजली का केबल प्रतिमा विसर्जन के दौरान काट दिया गया। इससे इन लोगों की बिजली आपूर्ति बाधित है। वहीं, प्रतिमा विसर्जन के दौरान शनिवार को पूरे दिन व रात नगर की बिजली की आपूर्ति ठप रही। पानी की आपूर्ति न होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

‘गुणों के चलते पूज्यनीय है शिव’
देवरिया। कथाव्यास रमेश भाई शुक्ल ने कहा कि भगवान शिव विश्वास के प्रतीक हैं। विश्वास के पांच मुख निष्ठा, प्रतिष्ठा, तार्किक, बुद्धि, मौन और हरिनाम होते हैं। इन्हीं गुणों के चलते वह साधकों में पूज्यनीय हैं। शिव का एक और नाम महादेव है। वह रविवार को राजेंद्र चौक उमानगर में चल रही शिवकथा में श्रोताओं को कथा का श्रवण करा रहे थे। उन्होंने कहा कि महादेव अपने नाम के अनुरूप ही सभी देवताओं में सबसे बड़े हैं। लोककल्याण के लिए उन्होंने समुद्र मंथन के दौरान निकले विष को भी पी लिया। इस दौरान केएन श्रीवास्तव, राधेश्याम तिवारी, मिथिलेेश दुबे, कृष्णचंद्र सिंह, ओपी सिंह, तारालाल, अशोक शर्मा, बिंदू तिवारी, अंजना त्रिपाठी, निर्मला मणि, अनुराधा मिश्रा, संज्ञा पांडेय आदि मौजूद रहीं।
विज्ञापन

श्रीराम कथा और जयंती समारोह 24 को
सलेमपुर। हरिश्चंद्र मणि त्रिपाठी की जयंती व उनकी आदम कद प्रतिमा का अनावरण 24 को दोपहर 12 बजे भागलपुर ब्लॉक के कपुरी गांव में होगा। इसके मुख्य अतिथि संपूर्णानंद विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. यदुनाथ प्रसाद दुबे, मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कुमुद उपाध्याय, सांसद रवींद्र कुशवाहा, जयप्रकाश नारायण त्रिपाठी होंगे। सायं सात बजे से तीन दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन किया गया है। यह जानकारी आयोजक रामनयन मणि त्रिपाठी ने दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन



बीएसए पर लगाया 25 हजार का अर्थदंड
देवरिया। सूचना देने में लापरवाही किए जाने पर राज्य सूचना आयुक्त सैय्यद हैदर अब्बास रिजवी ने बीएसए पर 25 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है। भाटपाररानी तहसील क्षेत्र के कुरमौली गांव निवासी रविंद्र यादव ने 27 दिसंबर वर्ष 2017 में आरटीआई के अंतर्गत साईं बाबा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुरमौली बनकटा के संबंध में तीन बिंदुओं पर सूचना मांगी थी। तय समय सीमा में जवाब न मिलने पर उन्होंने सूचना आयोग का दरवाजा खटखटाया। इस मामले की सुनवाई लखनऊ में 16 अक्तूबर को रखी गई थी, लेकिन प्रतिवादी की ओर से कोई उपस्थित नहीं हुआ। सूचना आयुक्त ने इस मामले में बीएसए पर 25 हजार का अर्थदंड लगाने के साथ ही वादी के आवेदन के संबंध में सात दिनों के अंदर सूचना उपलब्ध कराने का अंतिम अवसर भी प्रदान किया है।
शराबी ने पत्नी को पीटा, पहुंची थाने
बरहज। नदी पार क्षेत्र के परसियां देवार के राजपुर टोला में एक शराबी ने पत्नी और बच्चों को बुरी तरह मारा-पीटा। महिला ने बच्चों केे साथ थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। राजपुर टोला निवासिनी बदामी देवी का कहना था कि पति सुरेंद्र चौहान शराब पीकर अक्सर गाली-गलौज और मारपीट करता है। शनिवार को पति शराब पीकर घर आया। इसका विरोध करने पर उसने कुछ लोगों के साथ मारपीट कर घायल कर दिया। मारपीट में बादामी, पुत्री नीतू, पुत्र नितेश और सुधीर घायल हुए। इस संबंध में इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार राय ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कराई जा रही है।
फोटो समाचार...
पीडी एकेडमी ने मनाई संस्थापक की पुण्यतिथि
देवरिया। शहर के पीडी एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल एवं प्रभावती महाविद्यालय खरवनिया में रविवार को संस्थापक प्रभावती देवी की पुण्यतिथि मनाई गई। प्रतापगढ़ के जिला जज अशोक कुमार ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान संस्था के चेयरमैन नंदलाल जायसवाल, जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल के प्रबंधक हरेंद्र जायसवाल, सूर्यप्रकाश मिश्रा, अरविंद गुप्ता, वेदप्रकाश जायसवाल, गिरीश, शीला पांडेय, मनोज जायसवाल, एनजी पांडेय, डीपी नायक, बीना जायसवाल, मोहन त्रिपाठी, धनंजय राव, अशोक जायसवाल, विपिन उपाध्याय, श्रवण राय, हरीश दुबे, पूनम त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
23 को धरना देंगे वित्तविहीन शिक्षक
देवरिया। सम्मानजनक मानदेय, मान्यता के नियमों में बदलाव एवं सेवा नियमावली बनाने की मांग को लेकर जिले भर के वित्तविहीन शिक्षक 23 अक्तूबर को डीआईओएस कार्यालय पर धरना देंगे। रविवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक संयुक्त संघर्ष मोर्चा के प्रदेश महासचिव लाल बहादुर यादव ने बताया कि 23 अक्तूबर को शिक्षकों के धरने के चलते जिले के सभी वित्तविहीन विद्यालय बंद रहेंगे।
अमृतसर में हुई हादसे पर जताया शोक
देवरिया। कांग्रेस कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की बैठक सोमवार को हुई। अमृतसर में रेल हादसे के शिकार हुए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। घायल लोगों को स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना की गई। जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह राकेश ने कहा कि दिल को झकझोर देने वाला हादसा है। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष सुयशमणि त्रिपाठी, बिस्मिलाह लारी, वरुण राय, गंगेश मिश्रा, भरत मणि त्रिपाठी, रमेश, रामप्रवेश सिंह, राघवेंद्र, सुुहेल अंसारी, राकेश सिंह आदि मौजूद रहे।
‘परिवार निर्माण में महिलाओं की अहम भूमिका’
देवरिया। महुआनी चौराहा पर युवा एकता मंच की बैठक हुई। इसमें महिलाओं का समाज परिवर्तन में योगदान विषय पर चर्चा हुई। मुख्य अतिथि राधिका देवी ने कहा कि महिलाओं का समाज निर्माण, परिवार निर्माण एवं व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका रही है। इस दौरान सत्येंद्र यादव पिंटू, धर्मेन्द्र गुप्ता, संतोष चौरसिया, सूरज चौरसिया, अंशु, राजेश यादव, रंजीत चौहान,बालाजी, बृजेश गुप्ता, श्रवण आदि मौजूद रहे।
आजाद हिंद सरकार का मनाया स्थापना दिवस
देवरिया। आजाद हिंद सेना के कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौक पर रविवार को आजाद हिंद सरकार के स्थापना दिवस की वर्षगांठ मनाई। ऋषि पांडेय ने कहा कि नेताजी ने आज ही के दिन आजाद हिंद की घोषणा की थी। इस मौके पर सत्यनरायण सिंह, अभिषेक चौरसिया, आत्मदेव मणि, मुकेश वैरागी, शमशद अंसारी, जफर इकबाल, विक्की सिंह, कन्हैया यादव, सुशील, पवन शर्मा आदि मौजूद रहे।

नए जिलाध्यक्ष से पार्टी का बढ़ेगा जनाधार
भागलपुर। कस्बे के पंचायत भवन के सभागार में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ. अन्तर्यामी सिंह को बनाए जाने पर खुशी जताते हुए कहा कि पार्टी का जनाधार और बढ़ेगा। इस दौरान सतीश जायसवाल, शिवशंकर जायसवाल, शम्भू जायसवाल, डॉ. मुकेश जायसवाल, यशवीर सिह, मुहम्मद अली चौधरी, जय प्रकाश सिह, जिऊत साहनी, शिव जी, मनोज जायसवाल, लक्ष्मी चौरसिया, मनोहर शर्मा समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे ।
कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार 25 से
सलेमपुर। पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग को लेकर आगामी 25 से 27 तक शिक्षक व कर्मचारी कार्य बहिष्कार करेंगे। यह जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेश सीनियर बेसिक शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश के जिलाध्यक्ष दीनदयाल मिश्र ने सभी से बहिष्कार में भाग लेने की अपील की है।

फोटो-
दादा हनीफ शाह के उर्स में उमड़े अकीदतमंद
घांटी बाजार। कस्बे के थवइटोला में दादा हनीफ शाह का सालाना उर्स धूमधाम से मनाया गया। अकीदतमंदों ने मत्था टेका। गागर-चादर चढ़ाकर दुआएं मांगीं। इस दौरान कव्वाली का भी आयोजन हुआ। इसमें फैजाबाद से आई कव्वाल नेहानाज सिद्दीकी व बस्ती से आए कव्वाल असलम परवेज ने शानदार प्रस्तुति दी। लोग पूरी रात कव्वाली का आनन्द लेते रहे। इस दौरान प्रधान पति मनोज राय, जलालुदीन खां, खालिद खां, खुर्शीद, मंटू खां, महबूब, जाहिद सिद्दीकी, जावेद खां, अताऊर्रहमान, आलम खां, सैयद आलम, प्रमोद तिवारी, राजेश दुबे, वशिष्ठ यादव आदि मौजूद रहे।
कर्मचारी हितों के प्रति लापरवाह है सरकार
देवरिया। ग्राम विकास एसोसिएशन की बैठक रविवार को जिलाध्यक्ष देवकांत मणि पाठक के आवास पर हुई। इसमें पुरानी पेंशन बहाली को लेकर आयोजित हड़ताल पर विचार-विमर्श किया गया। देवकांत मणि ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली मंच उत्तर प्रदेश के तत्वाधान में 25 से 27 अक्तूबर तक ग्राम विकास अधिकारी हड़ताल पर रहेंगे। सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति लापरवाह है। पेंशन सरकारी सेवकों के बुढ़ापे का सहारा होता है। इसे पूर्व में भाजपा सरकार ने ही छीन लिया। कर्मचारियों ने अपनी बात मनवाने के लिए कई चरण में सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया, लेकिन सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। मंत्री राजीव मिश्र ने कहा कि जब तक हमारी मांग पूरी नहीं की जाती कर्मचारी समाज हक की लड़ाई लड़ता रहेगा। इस दौरान ओम प्रकाश गुप्ता, संजय सिंह, मनोज शर्मा, रामकृपाल यादव, राजीव मोहन, बालानंद तिवारी, विनोद मणि, ज्ञान सिंह, सुशील श्रीवास्तव, संजीव त्रिपाठी, कृष्णा चौबे, नवीन त्रिपाठी, रामकवल आदि मौजूद रहे।
सड़क हादसे में दो लोग घायल
सलेमपुर। बाइक सवार सलेमपुर लार मार्ग पर ट्रक में जा घुसे। इसमें बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। आसपास केे लोगों ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखकर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। नगर पिपरा नाजिर वार्ड निवासी 50 वर्षीय यशवंत व राम मिलन बाइक से आ रहे थे। सलेमपुर देवरिया मार्ग पर शनिवार की रात जा रही ट्रक में घुस गए। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

अंर्तराष्ट्रीय आर्य महासम्मेलन में दिल्ली जाएंगे लोग
लार। दिल्ली के रोहिणी में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय आर्य महासम्मेलन में लार क्षेत्र से सैकड़ों लोग हिस्सा लेंगे। इसे लेकर एक तैयारी बैठक मुख्य बाजार के शिव मंदिर धर्मशाला में हुई। बैठक में आर्य समाज लार के अध्यक्ष दिलीप बरनवाल ने बताया कि दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 10 के स्वर्ण जयंती पार्क में 25 से लेकर 28 तक अंतरराष्ट्रीय आर्य महासम्मेलन का कार्यक्रम होना है। इसमें 31 देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। आर्य समाज लार के मंत्री शीतल गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम में जलपान व भोजन की व्यवस्था नि:शुल्क है। ट्रेन से पहुंचने वाले प्रतिनिधियों को विभिन्न रेलवे स्टेशन, बस अड्डा से सम्मेलन स्थल तक लाने-ले जाने के लिए बस की भी व्यवस्था रहेगी। बैठक में सभी लोग लार रोड स्टेशन से लिच्छवी एक्सप्रेस से रवाना होंगे। बैठक में सतीश, शीतल, उमाशंकर गुप्ता, पूर्व चेयरमैन सत्यवंती देवी, राजन मोदनवाल, दिनेश कसेरा आदि ने संबोधित किया।

शातिर उचक्का श्यामू गिरफ्तार, जेल भेजा
देवरिया। पुलिस की नाक में दम करने वाला उचक्का आखिरकार पकड़ में आ ही गया। सदर कोतवाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस का दावा है कि वह चेन स्नेचिंग की कई घटनाओं में शामिल रहा है। उसके पकड़ जाने से शहर में चेन स्नेचिंग की घटनाएं कम होंगी। शहर की महाराणा प्रताप कॉलोनी निवासी प्रिया कुशवाहा बीते 10 दिसंबर को अपने रिश्तेदार के घर से लौट रही थीं। उसी दौरान उचक्के ने झपट्टा मारकर उनका मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गया था। सदर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर उचक्के श्यामू चौबे का स्केच भी जारी किया था, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। सदर कोतवाली पुलिस मूल रूप से सलेमपुर और वर्तमान में उमानगर मोहल्ले के रहने वाले श्यामू चौबे की तलाश तभी से कर रही थी। पिछले दिनों हनुमान मंदिर इलाके में चेन स्नेचिंग की कई बड़ी घटनाएं हुईं। सदर कोतवाली पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए जाल बिछा दिया था। रविवार को पुलिस ने भुजौली कॉलोनी से गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया है। सदर कोतवाल विजय नारायण प्रसाद का कहना है कि उचक्का श्यामू चौबे को गिरफ्तार कर न्यायालय के लिए चालान कर दिया गया। वहां से वह जेल भेज दिया गया है।
छोटी गंडक नदी से बाइक बरामद
लार। सीवान के गुठनी पुलिस ने टड़वा खुर्द तथा पुरैना गांव के बीच गंडक नदी से लाल रंग की पल्सर बाइक रविवार को बरामद किया। गांव वालों ने नदी में बाइक को देखा और इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मछुआरों की मदद से बाइक को बाहर निकलवाया। बाइक स्वामी की पहचान नहीं हो सकी। आशंका जताई जा रही है कि किसी आपराधिक घटना में बाइक का उपयोग कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से नदी में फेंक दी गई हो। पुलिस इसकी छानबीन में जुटी है। गुठनी एसओ दिलीप कुमार ने बताया कि बरामद बाइक के स्वामी के बारे में पता किया जा रहा है।
दो गांवों में तीन को पीटा
सलेमपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के डोल छपरा गांव निवासी नीरज कुमार दुबे की एक शख्स ने पिटाई कर दी। घायल युवक का इलाज सीएचसी पर कराया गया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा निजामाबाद गांव में शनिवार की रात किसी बात को लेकर मारपीट हो गई। इसमें नियाज, इसके बेटे शहीद व जहीद घायल हो गए।
24 को होगा कवि सम्मेलन
देवरिया। सरयूपारीण ब्राह्मण परिषद की बैठक रविवार को विद्याधर्म संजीवनी संस्कृत महाविद्यालय में हुई। इसमें 24 अक्तूबर को विद्यालय परिसर में आयोजित कवि सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा की गई। अध्यक्ष आद्या प्रसाद शुक्ल ने कहा कि कवि सम्मेलन में ज्यादातर वाराणसी के कवि भाग लेंगे। इस दौरान सदानंद दूबे, सुधाकर मणि, श्री प्रकाश राय, सिंहासन पांडेय, मुन्नीलाल मिश्र, सतीश पति त्रिपाठी, जय प्रकाश पाठक, अर्जुन तिवारी, चंद्रभूषण पांडेय, कमल नयन पांडेय, विजय शंकर तिवारी आदि मौजूद रहे।
देश हित में मोदी को फिर से बनाएं पीएम
देवरिया। मिशन मोदी अगेन पीएम के कार्यकर्ताओं की बैठक रविवार को तहसील परिसर में हुई। मोदी को पुन: प्रधानमंत्री बनाने के लिए व्यापक स्तर पर मुहिम चलाने पर बल दिया गया। जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन पांडेय ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाकर ही हम नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता जनता के बीच कायम कर पाएंगे। नरेंद्र मोदी को 2019 का पीएम बनाना हम सब कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। मोदी से ही देश का भला हो पाएगा। मिशन मोदी अगेन पीएम कार्यकर्ताओं का प्रांतीय अधिवेशन 25 व 26 अक्तूबर को होगा। इस दौरान भारत भूषण गुप्ता, विष्णु कुमार मद्धेशिया, संजीव तिवारी, सुशील जायसवाल, कल्याणी देवी, आशुतोष तिवारी, महेश मिश्रा, अमित दुबे, चंद्रशेखर गुप्ता, धनंजय जायसवाल आदि मौजूद रहे।

नौ को निकलेगी जागृति यात्रा
देवरिया। सपा कार्यकर्ताओं की बैठक रविवार को राम मनोहर लोहिया इंटर कॉलेज चितामन चक में हुई। इसमें सामाजिक न्याय जन जागृति यात्रा को सफल बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। सपा नेता व्यास यादव ने कहा कि जागृति यात्रा नौ नवंबर को टाउनहाल सुभाष चौक से रामपुर कारखाना, तरकुलवां, गढ़रामपुर, कसया होते हुए कुशीनगर को प्रस्थान करेंगी। इस दौरान रामखेदू यादव, रामायण यादव, सुभाष चंद्र यादव, कुंज बिहारी विश्वकर्मा, किशुन राजभर आदि मौजूद रहे।
‘वोट कैंपेनिंग में जुटें कार्यकर्ता’
देवरिया। राष्ट्रीय समाज पार्टी की बैठक रविवार को कैंप कार्यालय पर हुई। इसमें आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष धनंजय पाल ने कहा कि लोकसभा सीट से मनोज पाल लोकसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी होंगे। इन्हें जीताने के लिए सभी कार्यकर्ता अभी से कैंपेनिंग में जुट जाएं। इस दौरान दिनेश पाल, अजय पाल, पंकज पाल, प्रिंस पाल, विवेकानंद तिवारी, कृष्णा यादव आदि मौजूद रहे।
दो पक्षों में विवाद, दो लोग घायल
देवरिया। शहर के गरुणपार मोहल्ले में शनिवार की रात को दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें दो लोगों घायल हो गए हैं। दोनों का उपचार जिला अस्पताल में कराया गया। बताया जा रहा है कि दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन के दौरान किसी बात पर दोनों पक्ष भिड़ा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डीजे बजाने को लेकर विवाद
देवरिया। शहर के रामनाथ देवरिया मोहल्ला निवासी कुछ लोग एक खाली जमीन में दुर्गा प्रतिमा रखे थे। शनिवार की रात नौ बजे के करीब यहां डीजे बताया जा रहा था। इससे नाराज कुछ लोग पहुंचे और प्रतिमा रखने वालों की पिटाई की। मोहल्ला निवासी अंगद ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सदर कोतवाल विजय नारायण प्रसाद का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।
कांग्रेसियों ने पूर्व सीएम को दी श्रद्धांजलि
भाटपाररानी। नगर के रतसिया मोड़ पर स्थित कांग्रेस पार्टी के कैंप कार्यालय पर प्रकाश तिवारी निराला की अध्यक्षता में हुई। इसमें यूपी व उत्तराखंड के पूर्व सीएम एनडी तिवारी को श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने उनके निधन पर पार्टी की अपूर्णनीय क्षति बताई। इस दौरान शत्रुघ्न तिवारी, प्रतिपाल तिवारी, नौशाद अहमद, अमीर हुसैन, भुलन यादव, संजय यादव, सुदामा कुशवाहा, सोनू, फखरुद्दीन अंसारी, राहुल अंसारी, विजय मद्धेशिया, दशरथ कुशवाहा, सरोज पांडेय, अवधेश सिंह, डब्लू सिंह, मुश्ताक अहमद, संदीप प्रसाद, पंकज दुबे, हिमांशु श्रीवास्तव, अभिषेक शाही आदि मौजूद रहे।

24 घंटे बाद नदी से मिले शव की हुई शिनाख्त
रामपुर कारखाना। छोटी गंडक नदी में मिले शव की 24 घंटे बाद रविवार को शिनाख्त हुई। मृतक पास के ही सेमरा गांव का निवासी था। आशंका जताई जा रही है कि नशे में होने के कारण डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोटवा गांव के समीप छोटी गंडक नदी के किनारे शनिवार को दोपहर में एक व्यक्ति का शव पानी में तिरते हुए लोगों ने देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और शिनाख्त करने में जुट गई। काफी प्रयास के बाद शव की पहचान नहीं हो सका। रविवार को पुलिस के पास सेमरा गांव निवासी कांता राव ने मृतक की पहचान अपने भाई महेंद्र राव (50) के रूप में की। गांववालों का कहना है कि महेंद्र शराब के नशे में शनिवार को घूमते हुए दिखा था। एसओ एके ओझा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

छत के रास्ते घुसे चोरों ने नकदी-जेवरात उड़ाए
देवरिया। शहर में चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार की रात चोरों ने भटवलिया मोहल्ले के एक मकान को निशाना बनाया। परिवारवालों को इसकी जानकारी रविवार की सुबह हुई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
भलुअनी के नकदह फुलवरिया गांव निवासी मुन्ना गोस्वामी ने शहर के भटवलिया मोहल्ले में मकान बनवाया है। वह विदेश में रहते हैं। उनकी पत्नी रीता गोस्वामी बच्चों को लेकर यहां रहती हैं। शनिवार की रात को रोज की तरह परिवार के सभी सदस्य सो गए। रात के किसी समय चोर छत के रास्ते घर में घुस गए। घर में बॉक्स में रखे जेवरात और कपड़ा चुराकर भाग गए। रविवार की सुबह रीता गोस्वामी और अन्य सदस्य जगे तो चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित का कहना है कि चोर एक लाख रुपये से अधिक कीमत का सामान चुरा ले गए हैं। उसने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सदर कोतवाल विजय नारायण प्रसाद का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
खेत में लगा मोटर, पाइप चोरी
रुद्रपुर। एकौना थाना क्षेत्र के लालपुर परसिया गांव के एक खेत में लगा मोटर और पाइप शनिवार की रात चोरी हो गए। गांव के कमलेश कुमार ने पुलिस को नामजद चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस छानबीन कर रही है।
दबंगों ने घर में घुसकर की पिटाई
रुद्रपुर। बनियापार गांव के अजय कुमार सिंह के घर में घुसकर कुछ लोगों ने मारपीट की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। घर में रखे गए कीमती सामान भी तोड़ दिए। पीड़ित ने एकौना पुलिस को तहरीर देकर दबंगों पर कार्रवाई की मांग की है।
प्रतिमा विसर्जन से लौट रहे युवक को पीटा
भाटपाररानी। बनकटा थाना क्षेत्र के बतरौली गांव में प्रतिमा विसर्जन के बाद लौट रहे एक युवक को मनबढ़ों ने पीट दिया। उसने पुलिस से इसकी शिकायत की है। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष दुर्गा प्रतिमा की स्थापना गांव के लोगों ने मिलकर की थी। शनिवार की देर शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद बतरौली गांव निवासी रोहित यादव अपने ट्रैक्टर ट्रॉली से टेंट पहुंचाने गांव में ही जा रहा था कि उसी दौरान मनबढ़ों ने रोककर उसे बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित ने मनबढ़ों पर मोबाइल व छह हजार रुपये छीनने का भी आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष बनकटा देवेंद्र यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच चल रही है।
23 को मंडलायुक्त करेंगे योजनाओं की समीक्षा
देवरिया। मंडलायुक्त अमित गुप्ता 23 अक्तूबर को कलेक्ट्रेट सभागार में राजनैतिक पार्टियों व जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इसमें मतदाता पुनरीक्षण व विभिन्न योजनाओं के संबंध में ब्लॉकवार दो शिफ्ट में जानकारी लेंगे। सीडीओ राजेश त्यागी ने बताया कि सीएमओ अपने सभी चिकित्साधिकारियों एवं डीपीआरओ अपने समस्त सहायक विकास अधिकारियों के साथ बैठक में मौजूद रहेंगे। बैठक के प्रथम चरण में मतदाता सूची पुनरीक्षण, खद्यान्न वितरण, सौभाग्य योजना, स्वच्छ भारत अभियान नगरीय, स्वच्छ भारत अभियान ग्रामीण, दस्तक अभियान प्रथम व द्वितीय की प्रगति पर चर्चा की जाएगी।

मृतकों को दी श्रद्धांजलि
देवरिया। ब्राइट फ्यूचर सोसायटी के सदस्यों ने अमृतसर में ट्रेन के शिकार मृतकों को मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि दी। संस्था अध्यक्ष रोहित राय ने कहा कि दशहरा के दिन रेल पटरियों पर खड़े होकर रावण दहन देखने आए 50 लोगों की मौत हो गई। भगवान मृतकों की आत्मा को शांति प्रदान करें। वहीं उनके परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति दें। इस घटना में चूक जिधर से भी हुई हो। जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जानी चाहिए। इस दौरान रजनीश राय, अतुल पांडेय, अमन सिंह, वैभव सिंह, गंगेश मिश्रा आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed