देवरिया। जनपद स्तर पर माध्यमिक विद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राओं के बीच बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज सभागार में सड़क दुर्घटना कारण एवं निवारण विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। एक-एक कर आए छात्रों ने अपने ओजस्वी भाषण से अतिथियों को भी प्रभावित किया। अंत में जीआईसी के आनंद जैन प्रथम, बाबा सिद्घनाथ कन्या इंटर कॉलेज बढ़या बुजुर्ग की विजयलक्ष्मी मिश्र दूसरे और सीएस मेमोरियल इंटर कॉलेज बेलकुंडा के अमर बहादुर ने तीसरा स्थान पाया। संभागीय परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा से संबंधित भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें करीब 50 स्कूलों के छात्रों ने प्रतिभाग किया। इसके पूर्व जीआईसी की छात्राओं के सरस्वती गान व स्वागत गीत के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। निर्णायक मंडल में प्रधानाचार्य डॉ. सुरेंद्रनाथ तिवारी, डॉ. विजय प्रताप श्रीवास्तव, डॉ. राधाकृष्ण मिश्र, पवन गुप्त, अब्दुल कलाम, रमाकांत निषाद शामिल रहे। एआरटीओ प्रशासन राजीव चतुर्वेदी ने बताया कि छात्रों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से भाषण प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया। विजेता तीन छात्रों को मुख्यालय से नगद पुरस्कार आने के बाद इन्हें दिया जाएगा। भाग लेने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र मिलेगा। संचालन श्रीप्रकाश तिवारी ने किया। इस दौरान सीओ सीटी वरुण मिश्र, टीएसआई रामवृक्ष यादव, गोविंद सिंह, दयाशंकर मिश्र, चंद्रप्रकाश आदि ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया।