मुजफ्फरनगर: सालारपुर में सांप्रदायिक तनाव, एक घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुजफ्फरनगर के गांव सालारपुर में दो भाइयों ने भट्ठा मालिक को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसके बाद गांव में सांप्रदायिक तनाव फैल गया। ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने में हंगामा किया। तनाव को देखते हुए गांव में पीएसी को तैनात कर दिया गया है।
गांव सालारपुर निवासी एक समुदाय की महिला के दो पुत्रों का दूसरे समुदाय के ईंट भट्ठा मालिक के साथ काफी दिनों से विवाद चला आ रहा था।
आरोप है कि दोनों भाइयों ने अपने साथियों के साथ मिलकर गुरुवार की रात करीब एक बजे ईंट भट्ठा मालिक के मकान पर हमला बोल दिया। आरोप है कि इन दोनों भाइयों ने फायरिंग करते हुए ईंट भट्ठा मालिक को जान की धमकी भी दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से दोनों पक्षों को समझाबुझाकर मामला शांत कराया।
घटना के पीछे प्रेम-प्रसंग का मामला
शुक्रवार सुबह भट्ठे पर जा रहे मालिक को दोनों आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। घटना के बाद दोनों समुदाय के लोग आमने सामने आ गए, जिससे गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने में हंगामा भी किया, जहां पर पुलिस ने आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया।
गांव में तनाव को देखते हुए पीएसी तैनात कर दी गई है। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति है। पुलिस इस घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला बता रही है।