चित्रकूट। दो दिन बाद प्रयागराज में शुरू हो रहे महाकुंभ को लेकर चित्रकूट के स्टेशनों को भी सजाया संवारा गया है। चित्रकूटधाम रेलवे स्टेशन कर्वी पर श्रद्धालुओं को अलग प्राथमिक उपचार की व्यवस्था, टिकट काउंटर और अस्थायी कैंटीन जैसी सुविधाएं दी जाएगी।
रेलवे स्टेशन की दीवारों और बाउंड्रीवाल पर भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, मृग सहित अन्य चित्र बनाए हैं। भवन, तालाब, नदी, महापुरुषों के चित्र भी बनवाए गए हैं, जिससे श्रद्धालु भगवान राम के जीवन से रूबरू हो सकें और उनके आदर्शों को आत्मसात कर सके। साथ ही भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं से संबंधित चित्रों को दीवारों पर बनवाया गया है।
इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी कैंटीन खोली जाएगी। भगवान राम की तपोभूमि में आने जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने एंबुलेंस की व्यवस्था की है। यह चित्रकूट धाम रेलवे स्टेशन कर्वी पर खड़ी रहेगी। इसके अलावा रेलवे ने मिनी अस्पताल की भी व्यवस्था की है, जिसमें एक डाॅक्टर के साथ अन्य स्टाफ तैनात रहेंगे। जो श्रद्धालुओं के बीमार होने पर इलाज करेगें।