चित्रकूट। जिले में चरमराई बिजली व्यवस्था से आक्रोशित सदर विधायक अनिल प्रधान ने शुक्रवार को सपा कार्यकर्ताओं के साथ अधिशासी अभियंता कार्यालय के बाहर धरना दिया। कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। अधिशासी अभियंता व तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति करने की मांग की। अधिशासी अभियंता रामस्वरूप वर्मा ने आश्वस्त किया कि जल्द ही फाल्ट जैसी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।
सदर विधायक और सपा जिलाध्यक्ष अनुज यादव ने कहा कि विद्युत आपूर्ति लड़खड़ा गई है। 10 से 15 घंटे तक कटौती हो रही है। इस समय गेहूं कतराई का कार्य चल रहा है। ऐसे में किसानों को भारी दिक्कत हो रही है। रोस्टर के मुताबिक बिजली आपूर्ति नहीं की जा रही है। पानी भी लोगों को समय पर उपलब्ध नहीं हो रहा है। छोटे फाल्टों पर भी घंटों शटडाउन लिया जाता है। अधिकारी व कर्मचारी मनमानी रवैया अपनाए हैं।
दिए गए ज्ञापन में माग की है कि कटौती बंद कर रोस्टर के अनुसार आपूर्ति की जाए। चेताया कि जल्द सुधार न हुआ तो उग्र आंदोलन करेंगे। इस मौके पर मो. गुलाब खां, संजय वर्मा, तीरथ प्रसाद, अमर पटेल, राधे सिंह यादव, सुरेंद्र, मो. रेयान आदि मौजूद रहे।