चित्रकूट। चैत्रमास के नवरात्र पर भक्तों ने देवी मंदिरों में पूजा पाठ कर मां काली देवी को जलाभिषेक किया। धर्मनगरी के मंदिरों में भी साधु-संतों ने भजन कीर्तन किया। शुभ मुहूर्त में घरों में कलश स्थापना की गई। मंदिर से लेकर घरों में देवी पूजन व पाठ में कोरोना वायरस का असर दिखाई पड़ा। लॉकडाउन के चलते मंदिरों के बाहर से ही पूजा पाठ किया गया।
बुधवार को चैत्र मास के नवरात्र शुरू होने पर भक्तों ने देवी मंदिरों में पट बंद होने के बाद भी शहर के शंकर बाजार, पुरानी बाजार व नई बाजार के देवी मंदिरों में दर्शन कर पूजा पाठ किया। धर्मनगरी में भी मठ मंदिरों में मां अंबे की कई स्थानों पर साधु-संतों ने आराधना की। हालांकि इस बार कोरोना वायरस के कारण बडे़ कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जा रहे।
घरों में शुभ मुहूर्त में कलश स्थापना की गई। जिसमें माता दुर्गा, भगवान गणेश, नवाग्रह, कुबेर, आदि की मूर्ति के साथ कलश स्थापना की गई। गायत्री शक्ति पीठ में गायत्री मंत्र का उच्चरण कर कोरोना वायरस से विश्व को मुक्त करने की कामना की गई।