चंदौली: पेट्रोल पंप के शौचालय में गमछे से लटकता मिला युवक का शव, आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंदौली जिले के अलीनगर थाना के वार्ड नंबर 16 में जीटी रोड पर एक पेट्रोल पंप के शौचालय में शनिवार की सुबह सात बजे संदिग्ध परिस्थितियों में गमछे के फंदे से लटकता युवक का शव मिला। युवक ने चार बजे मां को फोन कर कहा था कि मैं प्रयागराज जा रहा हूं।
युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पीडीडीयू नगर पचफेड़वा जीटी रोड पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची मुगलसराय विधायक साधना सिंह और सीओ रघुराज के समझाने बुझाकर लोगों को शांत कराया। इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर दो नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
अलीनगर मुगलचक वार्ड नंबर नौ निवासी मटुकधारी उर्फ ढिल्लू चौहान (35) शुक्रवार की देर शाम घर से किसी काम से निकला था। शनिवार की भोर में चार बजे अपनी माता शांति देवी से फोन कर बताया कि मैं प्रयागराज टैंकर लाने जा रहा हूं दो दिन में आ जाऊंगा। इस बीच सुबह सात बजे अलीनगर स्थित जीटी रोड पर एक पेट्रोल पंप के शौचालय में संदिग्ध परिस्थितियों में गमछे के फंदे से लटकता मिला।
पढ़ेंः पति ने आर्केस्ट्रा में नृत्य और देह व्यापार करने का बनाया दबाव, विरोध पर दिया तीन तलाक, मुकदमा दर्ज
पेट्रोल पंप पर तोड़फोड़
शौच के लिए मुन्ना नामक मिस्त्री शौचालय में गया तो युवक का शव लटकता देख शोर मचाया। उसने इसकी सूचना पेट्रोल पंप मालिक और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बीच लोगों की भीड़ जुट गई और युवक के हत्या का आरोप लगाते हुए पेट्रोल पंप पर तोड़फोड़ किया। साथ ही जीटी रोड पर जाम लगा दिया।
लगभग आधे घंटे जाम के बाद मौके पर पहुंचे प्रभारी सीओ रघुराज व विधायक साधना सिंह, सतीश चौहान के समझाने बुझाने और कार्रवाई के आश्वासन दिए जाने पर जाम समाप्त हुआ। मृतक मटुकधारी उर्फ ढिल्लू की पत्नी बेबी की तहरीर पर पुलिस ने पेट्रोल पंप मालिक हेसामु और जमील के खिलाफ नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है। इस संबंध में सीओ रघुराज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पत्नी की तहरीर पर दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।
अब कौन करेगा बच्चों का लालन-पालन
मटुकधारी की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। चार भाईयों में सबसे बड़ा मटुकधारी वाहन चलाकर पत्नी और बच्चों का लालन पालन करता था। मटुकधारी की मौत का किसी का विश्वास ही नहीं हो रहा है।
मटुकधारी के पिता गिरजा शंकर, दादी चमेली देवी, माता शांति देवी ,पत्नी बेबी के साथ अन्य परिजनों का रो-रो कर हाल बेहाल हो गया। मटुकधारी के सात और पांच वर्ष के दो मासूम की समझ में ही नहीं आ रहा है कि अब उसके पिता नहीं रहे। दोनों को देख कर लोगों की आंखे नम हो जा रही थी।
कहीं तेल के खेल में तो नहीं गई युवक की जान
पेट्रोल पंप के शौचालय में युवक की मौत ने अनेक सवाल खड़े कर दिए हैं। चर्चा है कि कहीं युवक की मौत के पीछे तेल का खेल तो नहीं है। बरौनी कानपुर पाइप लाइन पर आधारित डिपो से पूरे पूर्वांचल में पेट्रोलियम की आपूर्ति होती है। टैंकरों से तेल आपूर्ति में तमाम खेल होते रहे हैं। यहां तक कि वर्ष 2012 में सीबीआई ने भी छापा मारकर तेल चोरी का भंडाफोड़ किया था।
अभी भी बीच बीच में तेल में मिलावट और चोरी का मामला सामने आता रहता है। ऐसे में शक की सूई इस खेल पर जा रही है। सवाल यह है कि जब युवक ने भोर में घर पर फोन कर बताया कि वह टैंकर लाने प्रयागराज जा रहा है तो उसका शव क्षेत्र के पेट्रोल पंप के शौचालय में कैसे मिला।
कहीं ऐसा तो नहीं है कि वह किसी मामले में राजदार बन गया था। इसे छिपाने के लिए हत्या की गई है। बहरहाल पूरे मामले का खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल इसको लेकर पूरे जिले में चर्चा का बाजार गर्म है।
पढ़ेंः यूपी में स्कूल 30 तक बंद: बच्चों के शैक्षणिक सुधार के लिए चलेगा रीडिंग कैंपन, 26 जनवरी पर शिक्षक फहराएंगे झंडा