पीडीडीयू नगर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन मुस्तैद हो गया है। आगामी 8, 9 और 10 जून को जिले के 11 चुनिंदा परीक्षा केंद्रों पर इस परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा को पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यह परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर बाद 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। परीक्षा की प्रत्येक पाली में 4,128 अभ्यर्थी बैठेंगे। इस तरह तीन दिनों के भीतर कुल 24,768 परीक्षार्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों और प्रधानाचार्यों को जरूरी गाइडलाइंस जारी कर दी गई हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, सुचारु बिजली-प्रकाश, पीने के साफ पानी और वीआईपी शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं को चाक-चौबंद करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने सुरक्षा नियमों को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाया है। परीक्षा कक्ष के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर या किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाने पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। अधिकारियों ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की हड़बड़ी से बचने के लिए तय समय से काफी पहले परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करें और बोर्ड के नियमों का कड़ाई से पालन करें।