UP Chunav 2022: चंदौली में सपा प्रत्याशी और समर्थकों पर मारपीट का आरोप, मुकदमा लिखवाने थाने पहुंचे भाजपा विधायक
सपा प्रत्याशी मनोज डब्ल्यू ने आरोप लगाया कि रनिया गांव में कुछ लोग भाजपा प्रत्याशी का पैसा बांटते हुए पकड़े गए उनके पास से जो डायरी बरामद हुई है उस पर सुशील सिंह का पोस्टर लगा है।
विस्तार
चंदौली में सैयदराजा थाना क्षेत्र के रनिया गांव निवासी दिग्विजय पांडेय ने सपा प्रत्याशी और उनके समर्थकों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। दिग्विजय के साथ भाजपा प्रत्याशी सुशील सिंह भी रविवार की रात सैयदराजा थाना पहुंचे। पीड़ित मुकदमा के लिए तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के रनिया गांव निवासी दिग्विजय पांडेय ने बताया कि शाम को अचानक सपा प्रत्याशी मनोज डब्लू 10-12 समर्थकों के साथ मेरे पास आए और मुझ पर गलत आरोप लगाकर पीटने लगे। मुझे बुरी तरीके से मारा पीटा गया।
भाजपा प्रत्याशी सुशील सिंह ने कहा कि सपा प्रत्याशी अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। शनिवार को भी वह किसी के घर में घुस कर तोड़फोड़ किए थे। एक महिला के घर में भी या घुस गए थे लेकिन पुलिस कुछ भी कार्यवाही नहीं कर रही है।
सुशील सिंह ने कहा कि जब तक मुकदमा नहीं दर्ज हो जाता मैं थाने से नहीं जाऊंगा। वहीं सपा प्रत्याशी मनोज डब्ल्यू ने बताया कि रनिया गांव में कुछ लोग भाजपा प्रत्याशी का पैसा बांटते हुए पकड़े गए उनके पास से जो डायरी बरामद हुई है उस पर सुशील सिंह का पोस्टर लगा है।
एक लिफाफे में कुछ पैसे भी मिले हैं। मैं लगातार पुलिस को दारु, मुर्गा बांटने की सूचना दे रहा हूं पर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। वहीं इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी मुखर्जी ने बताया कि तहरीर मिली है उसके आधार पर मुकदमा लिख कर कार्रवाई की जाएगी।