चंदौली में हादसा: बरातियों से भरी स्कॉर्पियो को ट्रक ने मारी टक्कर, एक की मौत, दूल्हा समेत आठ घायल
चंदौली जिले के सदर कोतवाली के जसौली गांव के पास सोमवार को दोपहर करीब एक बजे बरातियों से भरी स्कार्पियो को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे स्कार्पियो में सवार दूल्हा समेत नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया।
इसमें नजबुल(50) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घायलों का उपचार चल रहा है। तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
वाराणसी के जैतपुरा थाना के कज्जाकपुरा निवासी परिवार स्कार्पियो से बारात लेकर बिहार के साराराम जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने स्कार्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। इससे स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए। स्कार्पियो में सवार नजबुल(50), अनवर(25), अनवरी(52), रेहाना(40), कासिम(40), शाकीर(13), शमीम(08), सैयद अहमद(42) व अफसाना(25) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती भेजा। चिकित्सकों ने नजबुल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दूल्हा समेत शेष घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। इसमें अनवरी, सैयद अहमद व अफसाना की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने रेफर कर दिया।