चंदौली में चोरों का दुस्साहस: मकान का गेट तोड़कर घुसे, 80 हजार नकदी और जेवरात समेटे; सीसीटीवी में संदिग्ध कैद
चंदौली जिले में मकान का गेट तोड़कर चोर अंदर घुसे और 80 हजार नकदी और जेवरात समेट ले गए। आलमारी से लॉकर बॉक्स समेत मकान के कागजात भी ले गए। वहीं सीसीटीवी में जांच के दौरान दो संदिग्ध युवक दिखे।
विस्तार
चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कूड़ा बाजार चौकी अंतर्गत मुस्लिम महाल के मंसूर सलाम रोड स्थित हनुमानपुर में शनिवार की रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाया। मुख्य गेट तोड़कर घर में घुसे चोर आलमारी में रखा लॉकर बॉक्स लेकर फरार हो गए। उसमें 80 हजार रुपये नकद, चांदी के जेवरात, मकान के कागजात और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे थे। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की।
मकान मालिक साहेब उर्फ भोलू ने बताया कि शनिवार की रात वह मकान का मुख्य गेट बंद कर मोहल्ले में ही रहने वाले अपने रिश्तेदार के यहां एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रात करीब 11:30 बजे घर लौटे तो मुख्य गेट टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो एक कमरे में रखी आलमारी से लॉकर बॉक्स गायब था।
उसमें 80 हजार रुपये नकद, चांदी के जेवरात, मकान के कागजात समेत अन्य जरूरी दस्तावेज रखे थे। इसके बाद उन्होंने तत्काल कूड़ा बाजार चौकी पुलिस को सूचना दी। पीड़ित के मुताबिक, पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में हुडी पहने दो युवक मकान की ओर आते दिखाई दे रहे हैं।
आशंका है कि इन्हीं युवकों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुट सकती है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका आरोप है कि मंसूर सलाम रोड और मुस्लिम महाल में पहले भी चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त नहीं होती।
लोगों का कहना है कि इलाके में देर रात तक जुआरियों और नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। इसकी शिकायत कई बार पुलिस से की गई, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की है। इस संबंध में सीओ पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
