नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के पचफेड़वा स्थित नेशनल हाईवे पुल पर पिछले दिनों कार में हत्याकर रखी हुई लाश की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने शुक्रवार को मृतक के सौतेले भाई समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी आलोक त्रिवेदी ने संपत्ति के लिए अपने तीन मित्रों के साथ मिलकर अपने सौतेले भाई अभिषेक की हत्या की थी। पुलिस ने मृतक के खूने से सने कपड़े समेत अन्य सामान भी बरामद कर लिया है। अलीनगर थाना क्षेत्र के पचफेड़वा गांव के समीप स्थित हाइवे पुल पर 23 अप्रैल को एक कार में वाराणसी के सामने घाट निवासी अभिषेक त्रिवेदी का शव मिला था। शव को सिर में पीछे से गोली लगी हुई थी। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू की। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के अनुसार मूल रूप से बिहार प्रांत के मोहनियां थाना क्षेत्र अंतर्गत मुठानी गांव निवासी अभिषेक त्रिवेदी अपनी पत्नी सीमा त्रिवेदी और बच्चों के साथ वाराणसी के सामने घाट स्थित बालाजी एक्सटेंशन में रहते थे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इसके पिता ने दो शादियां की थी। अभिषेक अपने पिता स्व. संजय त्रिवेदी की दूसरी पत्नी की संतान थे। गांव में काफी संपत्ति होने पर बंटवारें में संपत्ति को खोने का डर उसके सौतेल भाई आलोक त्रिवेदी को लगा रहता था। आलोक पिता स्वं संजय त्रिवेदी की पहली पत्नी की संतान है। संपत्ति बंटवारे को लेकर आलोक ने अभिषेक को रास्ते से हटाने के लिए साजिश रची। उसने मोहनियां के अन्य तीन मित्रों को दो-दो लाख रुपये समेत अन्य सुविधा देने का वादा करते हुए उसे रास्ते से हटाने को कहा। 22 अप्रैल को अभिषेक द्विवेदी का सौतेला भाई आलोक त्रिवेदी अपने मित्र बिहार के रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र के तेंदुई निवासी मोहन तिवारी व मुठानी निवासी मुकेश शर्मा के साथ वाराणसी से अभिषेक की कार से ही उसके घर मुठानी पहुंचे। जहां घर के दूसरे मंजिल पर ही मुकेश शर्मा के भाई मनीष शर्मा ने योजनाबद्ध तरीके से अभिषेक के सिर में पीछे से गोली मार दी। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद खून से सने कपड़े, बोरा आदि एक लोहे की तगाड़ी में भरकर घर से पीछे बने खंडरनुुमार मकान में फेंक दिए। इसके बाद कार में अभिषेक का शव रखकर पचफेड़वा तक ले आए। जहां पुल पर सुनसान जगह देखकर कार वहीं छोड़कर मनीष व मुकेश बाइक से वापस घर चले गए। जबकि आलोक त्रिवेदी व मोहन तिवारी ऑटो से पीडीडीयू नगर होते हुए वाराणसी चले आये। घटना का खुलासा करते हुए अलीनगर थाने की पुलिस ने आरोपी सौतेले भाई आलोक त्रिवेदी, मोहन तिवारी, मुकेश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। इस दौरान टीम में अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक सर्विलांस सेल अतुल नारायण सिंह, एआई अतुल कुमार, कांस्टेबल धर्मेंद्र यादव, नीरज सिंह, छोटे लाल यादव शामिल रहे।