डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बोले: सत्ता जाने की वजह से सपा के पेट में हो रहा दर्द, उन्हें इलाज की आवश्यकता
चंदौली में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा को सत्ता जाने की वजह पेट में दर्द हो रहा है। उन्हें इलाज की आवश्यकता है। सभी अस्पतालों को इस कृत्रिम दर्द का इलाज किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
विस्तार
सूबे के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर चंदौली पहुंचे। जगह-जगह स्वागत के बाद वे पार्टी कार्यालय पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं संग चर्चा की। जिसके बाद समीक्षा बैठक समेत विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत के लिए रवाना हो गए। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सपा को सत्ता जाने की वजह पेट में दर्द हो रहा है। उन्हें इलाज की आवश्यकता है। सभी अस्पतालों को इस कृत्रिम दर्द का इलाज किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश की सरकार आम जनता के लिए काम कर रही है। गरीबों का विकास करना ही सरकार का लक्ष्य है। अस्पतालों के इन्फ्रास्ट्रक्चर पर भी काम करने की जरूरत है। हम मरीज को भगवान मानकर सेवा करेंगे। कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश में भी जांच का दायरा बढ़ाया गया है।
बिजली संकट की समस्या जल्द होगी खत्म
यूपी सरकार ने कोरोना नियंत्रण में देश भर के अन्य प्रदेशों में सबसे अच्छा काम किया है। आज यूपी के सभी अस्पतालों में ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। वैक्सिनेशन का दायरा बढ़ाया जा रहा है। जल्द ही छोटे बच्चों को भी वैक्सीन मिलेगी। प्रदेश में बिजली संकट पर मचे बवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि बहुत जल्द समस्या खत्म हो जाएगी। सरकार इसके लिए प्रयासरत है। एक दो दिन में बिजली की स्थिति ठीक हो जाएगी।
जिला अस्पताल में पानी की दिक्कत देख हुए नाराज
पं. कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला चिकित्सालय में शनिवार को उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने इमरजेंसी के साथ वार्डों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान आरओ खराब मिलने पर उन्होंने सीएमएस उर्मिला सिंह को फटकार लगाते आरओ को तत्काल ठीक कराने का निर्देश दिया। कहा कि यह घोर लापरवाही है इसमें सुधार लाएं नहीं तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार पूरी तरह गंभीर है। आयुष्मान भारत योजना के तहत कार्ड बनाए जाने संबंधी सवाल का भी कोई जवाब नहीं दिए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और कहा कि यह प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना है इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी और स्वास्थ्य कर्मी ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करें, ताकि जनता का हित हो और सरकार की भी छवि सुधरे। साथ ही उन्होंने टीकाकरण के अलावा ऑक्सीजन की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
काश अगलगी के पीड़ितों से मिले होते डिप्टी सीएम: रामकिशुन
सपा के पूर्व सांसद रामकिशुन ने शनिवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के दौरे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि काश उपमुख्यमंत्री ने अगलगी से पीड़ित चंदौली के किसानों व गरीबों के दर्द को भी जाना होता। घटना से कई गरीबों के घर तबाह हो गए लेकिन आज तक उन्हें कोई सरकारी मदद नहीं मिल पाई।
जिनके घर जले उन्हें जिला प्रशासन की ओर से भी कोई मदद नहीं दिया जाना चिंता का विषय है। उप मुख्यमंत्री को उन पीड़ितों का दर्द जानना चाहिए था लेकिन वह उनसे नहीं मिले। पूर्व सांसद ने कहा कि सिर्फ सरकार सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास का नारा देती है। भाजपा सरकार की कथनी और करनी में बहुत अंतर है।