पीडीडीयू नगर। कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से देश मे लॉकडाउन है। यात्री ट्रेनों का संचालन बंद है। सिर्फ मॉलगाड़ियों और पार्सल ट्रेनों का संचालन हो रहा है। ऐसे में अधिकतर समय ट्रैक खाली रह रही है। लॉकडाउन खुलने पर ट्रेनों के संचालन में दिक्कत न हो इसके लिए रेलवे ट्रैकों की मरम्मत में तेजी ला दी गई है। यही नहीं अधूरी परियोजनाओं को पूरा करने में रेलकर्मी जुटे हैं। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग के साथ सुरक्षा उपायों को अपनाया जा रहा है।
मंडल रेल प्रबंधक पंकज सक्सेना ने बताया कि कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए देश में लागू लॉकडाउन है। रेलवे भी मालगाड़ियों के अलावा सभी मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन 03 मई तक स्थगित कर चुका है। सरकार ने 20 अप्रैल को विशेष शर्तों के साथ लाकडॉउन में आंशिक छूट दी है। इसमें विशेष कर निर्माण और मरम्मत कार्य को करना है। रेलवे अधिकारियों ने मंडल अंतर्गत आने वाले विभिन्न जिलों के डीएम से रेल विकास से संबंधित महत्वपूर्ण कार्यों को कराने की अनुमति मांगी गई थी। अनुमति मिलने के बाद पूर्व मध्य रेल में स्थगित कार्यों को चालू कर दिया गया। निर्माण कार्यों के साथ रेलवे ट्रैक में सुधार, ओएचई, संरक्षा, निर्माण आदि पर लगातार काम हो रहे हैं। यार्ड रिमॉडलिंग, सड़क ऊपरी पुलों का निर्माण, फ्लाई ओवर बाईपास तथा दोहरीकरण परियोजनाओं जैसे आधारभूत संरचना के विकास पर बल दिया गया है। पं. दीनदयाल उपाध्याय रेल मडल के मानपुर (गया) फ्लाईओवर पर मिट्टी कार्य सहित छोटे पुल का निर्माण कराया जा रहा है। इस दौरान सुरक्षा के लिए नियमित थर्मल स्क्रीनिंग, सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क, सैनिटाइजर का उपयोग किया जा रहा है। श्रमिकों को वर्क परमिट जारी कर उनके आवागमन की निगरानी की जा रही है।