शिकारगंज। चकिया तहसील प्रशासन की कथित मनमानी के खिलाफ छह सूत्री मांगों के समर्थन में क्षेत्र के गढ़वा बस्ती में इंकलाब नौजवान सभा और अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को अनिश्चितकालीन धरने की शुरूआत की। चेतावनी दी कि मांग पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।
अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के राष्ट्रीय सचिव अनिल पासवान ने कहा कि ताजपुर, गढ़वा, बलिया कला, बलिया खुर्द की समस्याओं का लंबे समय से समाधान नहीं हुआ है। कहा कि 50 साल पहले बनी गढ़वा बंधी से किसानों के खेत की सिंचाई के लिए नाली बनी है, इसे कुछ अराजक तत्वों ने काटकर अपने खेत में मिला लिया और किसानों के खेत की सिंचाई बाधित कर दिया। नाली का पुनर्निर्माण कराने की बजाय सत्ता पक्ष के नेताओं के दबाव में तहसील प्रशासन किसानों को ही दो -दो बार 107/116 की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। विजय राम ने कहा कि गढ़वा को राजस्व गांव घोषित नहीं किया गया, इससे विकास बाधित है। यही कारण है कि गांव की किस्मती देवी पत्नी शुद्धू के नाम से आए आवास का पैसा नहीं निकल पा रहा है। ग्राम पंचायत जोगिया कला के मौजा ताजपुर में विक्रमा के खेत के समतलीकरण पर किए गए कार्यों की मजदूरी का भुगतान अब तक नहीं कराया जा सका। धरनें में रमेश चौहान, शिव चौहान, लल्लन देवी, किस्मती देवी, ममता, कृष्णावती देवी, बादामा देवी, जियाछी देवी, गिरजा चौहान, धनराज पाल, देवकी चौहान, आकाश चौहान, दशरथ विश्वकर्मा, वीरेंद्र चौहान रहे।