पीडीडीयू नगर। यात्रियों की भीड़ के मद्देनजर सात जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की परिचालन अवधि बढ़ा दी गई है। पटना से एरणाकुलम, कोयंबटूर आदि के लिए चलने वाली ट्रेनें अब सितंबर माह तक चलेगी। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि एरणाकुलम-पटना स्पेशल अब 16 अगस्त से छह सितंबर, प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। वहीं, पटना से खुलने वाली पटना- एरणाकुलम स्पेशल 19 अगस्त से 09 सितंबर तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी। वहीं कोयंबटूर-बरौनी स्पेशल अब 13 अगस्त से 03 सितंबर तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। वहीं, बरौनी कोयंबटूर स्पेशल 16 अगस्त से 06 सितंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलाई जाएगी। कोयंबटूर-धनबाद स्पेशल 16 अगस्त से 06 सितबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। धनबाद-कोयंबटूर स्पेशल अब 19 अगस्त से 09 सितंबर तक प्रत्येक सोमवार को चलाई जाएगी। हावड़ा-रक्सौल स्पेशल अब हावड़ा से 28 सितंबर तक प्रत्येक शनिवार को, रक्सौल-हावड़ा स्पेशल अब 29 सितंबर तक प्रत्येक रविवार को चलाई जाएगी। हावड़ा-रक्सौल स्पेशल अब 29 अगस्त तक प्रत्येक सोमवार और बृहस्पतिवार को जबकि रक्सौल-हावड़ा स्पेशल अब 30 अगस्त तक प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को, सियालदह-वडोदरा स्पेशल अब 24 सितंबर तक प्रत्येक मंगलवार को जबकि वडोदरा-सियालदह स्पेशल अब 26 सितंबर तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को चलाई जाएगी। इसी तरह टाटा-वाराणसी स्पेशल अब टाटा से 29 अगस्त तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को, जबकि वाराणसी-टाटा स्पेशल अब वाराणसी से 30 अगस्त तक प्रत्येक शुक्रवार को चलाई जाएगी।