नौगढ़। विकास खंड क्षेत्र में पंचायत सहायक/ डाटा इंट्री ऑपरेटर की मेरिट लिस्ट बनाने में रुचि न लिए जाने पर क्षेत्र के एक ग्राम प्रधान को नोटिस जारी किया गया है। पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को लिखे पत्र में सहायक विकास अधिकारी पंचायत प्रेमचंद्र ने बताया कि प्रधान संजय यादव के द्वारा ग्राम पंचायत की प्रशासनिक समिति व कार्यकारिणी की बैठक बुलाने के बजाए उल्टे पंचायत सदस्यों को भड़काया गया।
विकास खंड नौगढ़ के ग्राम पंचायत बजरडीहा में पंचायत सहायक /कम अकाउंटेंट डाटा एंट्री ऑपरेटर पद के लिए गांव के 15 अभ्यर्थियों ने आवेदन पत्र जमा किया था, लेकिन प्रधान के द्वारा मेरिट लिस्ट नहीं बनाई जा रही है। आरोप है कि अभी तक प्रशासनिक समिति और कार्यकारिणी की बैठक नहीं हो पाई। इस संबंध में पंचायत सचिव महेंद्र कुमार ने कहा कि ग्राम प्रधान संजय यादव के द्वारा आवेदकों की मेरिट लिस्ट बनाने में न ही रुचि ली और ना ही आयोजित बैठक में शामिल हुए, जबकि ग्राम पंचायतों के द्वारा बनाई गई मेरिट लिस्ट का परीक्षण जिलाधिकारी के द्वारा बनाई गई समिति को करना है। वहीं ग्राम प्रधान बजरडीहा संजय यादव ने कहा कि पंचायत सहायक डाटा एंट्री ऑपरेटर पद के लिए 15 प्रार्थना पत्र आये थे। मेरिट सूची के अनुसार बच्चा लाल पुत्र मारकंडे वरीयता क्रम में आ रहे हैं लेकिन आवेदक के विरुद्ध थाना चकरघट्टा में दो आपराधिक मुकदमा दर्ज हैं। आरोप लगाया कि अधिकारियों के द्वारा जबरदस्ती मेरिट लिस्ट बनाने को कहा जा रहा है।