UP: मुस्लिम शख्स की नींव में मिला शिवलिंग, युवक ने वहीं मंदिर बनाने के लिए दान कर दी एक बिस्वा जमीन
अलीनगर थाना क्षेत्र के धपरी गांव में नींव की खोदाई के दौरान शिवलिंग निकला था। एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि शिवलिंग को पास ही स्थित एक शिवमन्दिर में रखा गया है। लोग पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
विस्तार
यूपी के चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र के धपरी गांव में शनिवार को एसडीएम अनुपम मिश्रा के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम पहुंची, जहां उन्होंने शनिवार की शाम नींव खोदाई में मिले शिवलिंग वाली जगह की पैमाइश कराई। वहीं, दूसरी ओर भूमि स्वामी सकलैन ने जनभावनाओं का ध्यान रखते हुए सौहार्द कायम करने के लिए स्वेच्छा से एक बिस्वा जमीन शिव मंदिर के नाम पर देने की घोषणा की। जिसके बाद हर-हर महादेव के नारे लगे।
धपरी गांव में शनिवार की शाम खोदाई में मिले शिवलिंग को उपजिलाधिकारी ने पास ही स्थित शिव मंदिर में रखवा दिया था। जहां सुबह से दर्जनों गांव के ग्रामीणों ने पूजा की। वहीं क्षेत्रीय विधायक रमेश जायसवाल ने ग्रामीणों की मांग पर राजस्व विभाग की टीम से नाप करायी।
धपरी गांव में रविवार को जमीन से मिले शिवलिंग की पूजा के लिए आसपास के दर्जनभर गांवों से महिला पुरुष पहुंच रहे हैं। क्षेत्रीय विधायक रमेश जायसवाल गांव में पहुंचे और ग्रामीणों से रूबरू हुए। बताया कि जहां शिवलिंग मिला है वह जमीन कोट की है। गांव पूर्व प्रधान जीवन बिन्द व जंग बहादुर सिंह ने कहा कि का नाम धपरी नहीं धर्मपुरी था, जो 84 कोश परिक्रमा में आता है। जो कोट हिन्दू समाज का था, उस पर मुगलों ने कब्जा कर लिया। पुरातत्व विभाग कोट की खोदाई कार्य करेगा, तो सारी सच्चाई सामने आ जाएगी।
विधायक ने उपजिलाधिकारी को तत्काल राजस्व टीम द्बारा नाप कराने की बात कही। उपजिलाधिकारी ने राजस्व विभाग की टीम की ओर से मौके पर नाप कराई। जिसमें शिवलिंग वाली जगह की आराजी संख्या 732 और रकबा 0.130 एयर का है। वहीं दूसरे पक्ष से सकलैन ने सभी उच्चाधिकारियों की उपस्थिति में घोषणा की कि गांव में सौहार्द बना रहे, इसके लिए हम एक बिस्वा जमीन मंदिर के लिए देंगे।
इस बाबत एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि शिवलिंग को पास ही स्थित एक शिवमन्दिर में रखा गया है। लोग पूजा अर्चना कर रहे हैं। क्षेत्राधिकारी कृष्ण कुमार शर्मा थानाध्यक्ष बिनोद कुमार मिश्र ने पुलिस बल तैनात कर दिया है।