कंदवा। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने मंगलवार को बरहनी स्थित पीएचसी बरहनी और सैयदराजा स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रितेश कुमार व स्वास्थ्य कर्मियों ने अस्पताल में एक्सरे मशीन न होने और स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकों व नर्सों के रहने के लिए आवास की कमी, बिजली का अभाव और मीटिंग हाल की समस्या से विधायक को अवगत कराया। इसपर विधायक ने अपने निधि से 25 केवीए का ट्रांसफार्मर और सीएमओ से बात कर अन्य समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया। विधायक ने गांवों में अधिक संख्या में टीकाकरण कराए जाने पर भी बल दिया।
विधायक पहले बरहनी पीएचसी पहुंचे। यहां पानी पीने के लिए लगा वाटर कूलर खराब मिलने पर नाराजगी जाहिर की। विधायक ने अपनी निधि से 25 केवीए का ट्रांसफार्मर देने का आश्वासन दिया। साथ ही सीएमओ से बात कर अस्पताल में एक्सरे मशीन लगवाने और चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों के लिए आवास व मीटिंग हाल बनवाने के लिए अस्पताल का निरीक्षण कर कार्ययोजना बनाकर अवगत कराने को कहा। इसके बाद विधायक सैयदराजा स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां प्रभारी चिकित्सक डॉ. शैलेंद्र कुमार ने पेयजल व शौचालय की समस्या से विधायक को अवगत कराया। इस मौके पर डॉ. एसपी त्यागी, मृत्युंजय सिंह दीपू, अनूप सिंह, बेचू कन्नौजिया,अजीत पांडेय, गिरजेश सिंह मौजूद रहे।