चंदौली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू ने बुधवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिला विपणन कार्यालय में ताला जड़ने पहुंचे। इस दौरान वहां पहले से मौजूद भारी पुलिस फोर्स ने सपा नेता को ऐसा करने से रोका। डिप्टी आरएमओ अनूप श्रीवास्तव से बातचीत में उन्होंने किसानों के बकाए के लिए सीधे तौर से जिम्मेदार ठहराया। डिप्टी आरएमओ 10 दिनों के अंदर किसानों की सूची मंगाकर बकाए का भुगतान कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि 2018 का धान खरीद का बकाया होना पूरी खरीद प्रक्रिया पर बड़ा सवाल है। यह विभाग के साथ-साथ शासन-प्रशासन की संवेदनहीनता का प्रमाण है। किसान अपने भुगतान के लिए चक्कर लगा रहे हैं और मामला डीएम, एडीएम व विभाग की जानकारी में होने के बाद भी भुगतान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले तो किसानों को उनकी उपज खरीद के लिए क्रय केंद्रों पर दौड़ाया जाता है। उनके अवैध कटौती की जाती है। इसके बाद भी भुगतान समय से नहीं हो पाता है। अब जिन किसानों से 1835 रुपये कुंतल की खरीद की गयी है उन पर 1600 रुपये की दर से खरीद का दबाव बनाया जा रहा है जो पूरी तरह से अनुचित है। इस दौरान सोनू सिंह, सिंटू सिंह, अखिलेश सिंह, काजू मिश्रा, रामजी सिंह, सुनील यादव, सुभाष यादव रहे।