पीडीडीयू नगर। नगर सहित पूरे जिले में सोमवार की रात दुर्गा पूजा पंडालों में मूर्तियां स्थापित हुई। मंगलवार से माता के दर्शन पूजन का सिलसिला शुरू होगा। इसके पूर्व दिन भर नगर के पंडालों को अंतिम रूप दिया गया। इसके बाद नई बस्ती स्थित कुम्हार बस्ती, सेंट्रल कॉलोनी सहित अन्य मूर्ति निर्माण स्थलों से मूर्तियां पंडालों तक पहुंचाई गई। जयकारे के बीच पंडालों में माता दुर्गा, वैभव की देवी माता लक्ष्मी, ज्ञानदायिनी माता सरस्वती, प्रथम पूज्य भगवान गणेेश, कुमार कार्तिकेय की मूर्तियां स्थापित की गई।
कोरोना की वजह से इस वर्ष भी कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए दुर्गा पूजा मनाने की इजाजत दी गई है। प्रशासन के प्रोटोकाल के मुुताबिक पांच फुट से बड़ी मूर्ति स्थापित नहीं करना था। इसको देखते हुए आयोजकों ने साधारण पंडाल निर्माण किया है। हालांकि आकर्षक मूर्तियां और विद्युत झालरों की आकर्षक सजावट पंडाल को अलग ही रंगत प्रदान कर रही है। सोमवार को दिन भर आयोजक पंडालों की सजावट को अंतिम रूप देते रहे। शाम के वक्त आयोजक जयकारे के बीच विभिन्न वाहनों से मूर्ति पंडालों तक ले आए। नगर से सटे चंदासी कोयला मंडी, त्रिशूल क्लब गुरुद्वारा, नई सट्टी, जायसवाल भवन, गल्ला मंडी, लाठ नंबर एक और लाठ नंबर दो, रविनगर के साथ रेलवे के इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी, मानसनगर, गया कॉलोनी, सेंट्रल कॉलोनी, लोको कॉलोनी, डीजल कॉलोनी, बिछुआ मंदिर, अमोघपुर सहित अन्य स्थानों पर पंडालों में मूर्तियों की स्थापना की गई।