Chandauli News: ट्रक की टक्कर से अधिवक्ता की मौत, बाल-बाल बचा मौसेरा भाई; बाइक से बिहार जा रहे थे दोनों भाई
चंदौली जिले में सड़क हादसे में एक अधिवक्ता की मौत हो गई, जबकि मौसेरा भाई बाल-बाल बच गया। तेरही कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दोनों भाई बाइक से बिहार के मोहनिया जा रहे थे। इसी दौरान हादसा हुआ।
विस्तार
चंदौली जिले के कोतवाली क्षेत्र के कम्हारी गांव निवासी अधिवक्ता व हिंदू युवा वाहिनी के जिला मंत्री मनीष श्रीवास्तव (33) की मंगलवार को बिहार के मोहनिया में सड़क हादसे में मौत हो गई। वे अपने मौसेरे भाई अजय श्रीवास्तव के साथ बाइक से ननिहाल में आयोजित तेरही कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मनीष की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अजय बाल-बाल बच गए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कम्हारी गांव निवासी मनोज श्रीवास्तव के बड़े पुत्र मनीष श्रीवास्तव सकलडीहा तहसील में अधिवक्ता और हिंदू युवा वाहिनी के जिला मंत्री के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार को तहसील से घर लौटने के बाद अपने मौसेरे भाई अजय के साथ बाइक से बिहार के मोहनिया स्थित बमहुर गांव में मामा की तेरही में शामिल होने के लिए निकले। बताया जाता है कि मोहनिया क्षेत्र में सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मनीष ट्रक के पहिए के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अजय किसी तरह बच गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ट्रक को थाने व शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सकलडीहा के थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने बताया कि सड़क दुर्घटना में कम्हारी गांव निवासी अधिवक्ता मनीष श्रीवास्तव की मृत्यु हुई है।
मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उधर,हादसे की सूचना मिलते ही कम्हारी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मनीष अपने पीछे माता-पिता, छोटे भाई और पत्नी को छोड़ गए हैं। उनकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने बताया कि मनीष का विवाह लगभग एक वर्ष पूर्व कैली कुरहना गांव निवासी संतोष श्रीवास्तव की पुत्री अर्चना श्रीवास्तव से हुआ था। शादी के एक साल के भीतर ही हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। गांव में मातम पसरा हुआ है।
मिलनसार और मृदुभाषी थे मनीष
मनीष श्रीवास्तव अपने सरल, मिलनसार और मृदुभाषी स्वभाव के कारण क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। अधिवक्ता होने के साथ-साथ वह सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहते थे। उनके निधन की खबर मिलते ही सकलडीहा तहसील के अधिवक्ताओं और हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं में शोक की लहर फैल गई।
मनीष की मृत्यु पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक यादव, महामंत्री रामराज यादव, अजय सिंह, राजकुमार सिंह, पंकज सिंह, नितिन तिवारी, उपेंद्र नारायण सिंह, आशुतोष मिश्रा, विजय प्रताप सिंह सहित अन्य अधिवक्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वहीं हिंदू युवा वाहिनी के वरिष्ठ नेता अंबरीश सिंह 'भोला', जिलाध्यक्ष रामदयाल यादव, अमित जायसवाल, राहुल कश्यप आदि ने भी निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए इसे संगठन की अपूरणीय क्षति बताया।