सनसनीखेज खुलासाः फेसबुक पर दोस्ती फिर प्यार, बेवफाई के शक में पत्थर से कूचकर ली प्रेमिका की जान
यूपी के चंदौली जिले में बीते 12 अगस्त की सुबह नेशनल हाईवे के किनारे से झाड़ियों में मिर्जापुर जिले की युवती का शव मिला था। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा बुधवार को किया।
विस्तार
यूपी के चंदौली जिले में युवती की हत्या मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, बेवफाई के शक में युवती के प्रेमी ने ही हत्याकांड को अंजाम दिया था। मिर्जापुर जिले के अदलहाट निवासी युवती को गाजीपुर जिले के युवक से फेसबुक पर प्यार हुआ। बाद में युवक को प्रेमिका पर दूसरे युवक से संबंध होने का शक हुआ तो उसने बीते 10 अगस्त को दोस्त के साथ मिलकर हत्या कर दी।
युवती के शव को चंदौली जिले के अलीनगर थाना के बसंतु की मड़ई के समीप नेशनल हाईवे की सर्विस लेन के किनारे फेंक दिया। बुधवार को पुलिस ने इस मामले का सनसनीखेज खुलासा किया। पुलिस ने गाजीपुर जिले के दो युवकों को भी गिरफ्तार किया है।
एएसपी दयाराम सरोज ने बताया कि 12 अगस्त की सुबह करीब आठ बजे बसंतु की मड़ई के समीप नेशनल हाईवे के किनारे झाड़ियों में युवती का शव मिला था। पास ही में मिले बैग व अन्य सामानों से युवती की पहचान अदलहाट थाना क्षेत्र के अजीतपुर निवासिनी अंजली कुमारी पटेल (20) के रूप में हुई।
एसपी अमित कुमार ने मामले की जांच के लिए अलीनगर पुलिस व स्वाट टीम की संयुक्त टीम गठित किया। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सैयदराजा रेलवे क्रॉसिंग के पास से आरोपित गाजीपुर जिले के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के फुल्ली गांव निवासी मोहम्मद शाहबाज राइन व अशोक कुशवाहा को गिरफ्तार किया। यहां से दोनों बिहार भागने की फिराक में थे।
पूछताछ में मुख्य आरोपी मोहम्मद शहबाज राइन ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व उसकी दोस्ती अंजली पटेल से फेसबुक के माध्यम से हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। बाद में उसे शक होने लगा कि अंजली किसी दूसरे लड़के से भी प्यार करती है। बीते 10 अगस्त को अंजली अपने घर से कॉलेज जाने का बहाना बनाकर अपने प्रेमी से मिलने जमानियां पहुंच गई।
उस दिन शहबाज ने अंजली को अपनी बाइक से दिनभर घुमाया। शाम होने पर अंजली शहबाज से अपने घर पहुंचाने को कही। तब उसने गांव के ही अशोक कुशवाहा की स्कॉर्पियो को मंगाया। स्कॉर्पियो में शहबाज ने पत्थर से अंजली के सिर पर वार कर हत्या कर दी। शव को अलीनगर थाना के बसंतु की मड़ई के समीप नेशनल हाईवे की सर्विस लेन के किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। गिरफ्तारी टीम में अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, स्वाट टीम प्रभारी राजीव सिंह, एसएसआई रमेश यादव, अजीत सिंह, आनंद सिंह, नीरज सिंह रहे।