टांडाकला। बलुआ थाना क्षेत्र के नादी पुरवा में सीताराम निषाद के घर तिलक समारोह के बाद शुक्रवार की रात मड़हे में आग लग गई। आग से तीन सिलिंडर ब्लॉस्ट हो गए और नौ लोगों के रिहायशी मड़हे गृहस्थी समेत राख हो गए। इस दौरान 11 बकरियां, तीन मोटर साइकिल और टेंट हाउस के सामान के साथ पूरी गृहस्थी जल गया। आग इतनी भयावह थी कि लोगों ने सिवान में भागकर जान बचाई। इससे सारे परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए। नादी गांव के पुरवा में शुक्रवार की शाम को चंद्रिका निषाद की पुत्री की शादी और भोला निषाद के पुत्र सीताराम का तिलक समारोह था। तिलक होने के बाद सिलिंडर समेत अन्य सामग्री रिहायशी मड़हे में रखकर रिश्तेदारों को भोजन करा रहे थे। अचानक मड़हे में आग लग गई। तेज हवा के कारण आग बेकाबू हो गई। मड़हे में रखे तीन गैस सिलिंडर में भी आग के कारण ब्लॉस्ट करने लगे। इससे अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग घर छोड़कर एक किलोमीटर दूर भाग गए। देखते ही देखते आग ने शंकर निषाद, दुलारे निषाद, संकठा निषाद, भोला निषाद, सबरजीत, भानु, श्याम देई, बजरंगी, प्रेम सागर के रिहायशी मड़हों को अपनी जद में ले लिया। आग से 11 बकरियां जिंदा जल गईं। साथ ही तीन बाइक, नौ साइकिल के अलावा पूरी गृहस्थी आग की भेंट चढ़ गई। वहीं, पास में स्थित सारनाथ, सरनपति और रामबली के मड़हे भी कुछ हद तक जल गए। आग की सूचना पाकर बलुआ इंस्पेक्टर शैलेश मिश्र और चौकी इंचार्ज अभिषेक शुक्ला भी मौके पर पहुंचे। शनिवार को सुबह लेखपाल रामाशीष मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन किया।