सैयदरजा। नगर स्थित नेशनल इंटर कालेज में बने क्वारंटीन सेंटर का शुक्रवार को जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोगों के खानपान, रहने और जांच सुविधाओं का हाल जाना। सेंटर पर क्वारंटीन किए एग 25 लोगों से उन्होंने मिलने वाली सुविधाओं को जानकारी दी और मातहतों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। इसके अलावा गेहूं खरीद केंद्र का भी हाल जाना। वहां पेयजल की व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जताई।
कोरोना वायरस संक्रमण के फैलने के बाद लाकडाउन के दौरान बाहर से आए लोगों के लिए क्वारंटीन सेंटर सैयदराजा में नेशनल इंटर कालेज में बनाया गया है। वहां 25 लोगों को रखा गया है। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने एसडीम सदर विजय नरायाण से कहा की सभी लोगों की रोजाना थर्मल स्क्रीनिंग कराई जाए। इस दौरान एसडीएम ने बताया कि कुछ लोग घर जाने की जिद कर रहे हैं इस पर डीएम ने उनकी काउंसिलिग कराने के निर्देश दिए। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी धीरज सिंह से लोगों को समय पर भोजन कराने और सोशल डिस्टेंसिंग मेंटेन करने के निर्देश दिए। साथ ही पूरे परिसर को सैनीटाईज भी कराया जाए। इसके बाद जिलाधिकारी नगर स्थित गेहूं क्रय केंद्र पहुँचकर वहां क्रय रजिस्टर को चेक किए। कर्मचारी मयंक से रोज की ख़रीदारी की जानकारी ली। उन्होंने खरीदारी 250 कुंतल से बढ़ाकर तीन सौ कुंतल करने की हिदायत दी। वहीं क्रय केंद्र पर पीने के पानी की व्यवस्था न देखकर कर्मचारियों को पेयजल की व्यवस्था मुकम्मल कराने के निर्देश दिए। इस दौरान नायब तहसीलदार प्रवीण कुमार सिंह, कानूनगो शर्मानंद पांडेय, अभय सिंह मौजूद रहे 7