चंदौली। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को हुई बैठक में फार्मर रजिस्ट्री व डिजिटल क्राॅप सर्वे में हुई प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान फार्मर रजिस्ट्री में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर डीएम ने उप निदेशक कृषि से कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कृषि और राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपस में समन्वय बनाकर फार्मर रजिस्ट्री में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को फार्मर रजिस्ट्री के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कर किसानों को जागरूक करने को कहा। ताकि किसान स्वयं जन सुविधा केंद्र या शिविर में पहुंचकर फार्मर रजिस्ट्री कराएं। जिलाधिकारी ने बताया कि शासन स्तर से जिले को 257128 किसानों के पंजीकरण का लक्ष्य दिया गया है। इस लक्ष्य को 31 मार्च तक पूरा करना है। उन्होंने बताया कि अभी तक जिले में 106061 फार्मर रजिस्ट्री हो पाई है। फार्मर रजिस्ट्री में नौगढ़ प्रथम स्थान पर है। जिलाधिकारी ने उप निदेशक कृषि को निर्देश दिया कि तहसीलवार नामित विभागीय अधिकारियों को एसडीएम के साथ मिलकर अगले दो-तीन दिन में क्षेत्रीय कार्मिकों (कृषि व राजस्व) की बैठक कराएं। बैठक में विशेष रूप से कम प्रगति वाले गांवों व जनसेवा केंद्रों की समीक्षा करें, ताकि फार्मर रजिस्ट्री को बढ़ावा दिया जा सके। डीपीआरओ नीरज सिंह को जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पंचायत सहायकों और कोटेदारों के माध्यम से भी लोगों को फार्मर रजिस्ट्री से होने वाले लाभ के प्रति जागरूक करें।