चंदौली: इस सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में बदहाली से लोग परेशान, एक्स-रे कमरे में पड़ा रहता है ताला, तो खामियां भी हैं बहुत
धानापुर सीएचसी में इलाज कराने आए लोगों को परेशानी होती है। उन्हें सही स्वास्थ्य व्यवस्था का लाभ नहीं मिल पाता है। साफ-सफाई भी नहीं होती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वैश्विक महामारी कोरोना को देखते हुए एक ओर जहां चंदौली जिले के सभी सीएचसी और पीएचसी में स्वास्थ्य-व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। वहीं दूसरी ओर सामुदायिक स्वास्थ केंद्र धानापुर अपनी बहाली पर आंसू बहा रहा है। सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में एक्स-रे मशीन तो है पर टेक्नीशियन की नियुक्ति अभी तक नहीं हो सकी है। इस वजह से लोगों को एक्स-रे के लिए प्राइवेट जांच केंद्र में जाकर पैसा खर्च करना पड़ता है।
सामुदायिक स्वास्थ केंद्र के एक्स-रे रूम के बाहर हमेशा ताला बंद रहता है। सामान्य दिनों में कभी-कभार एक्स-रे रूम खुलता भी है तो केवल बिजली रहने पर ही इसका संचालन होता है। बिजली न होने पर यह बंद रहता है जबकि स्वास्थ्य केंद्र पर बड़ा जनरेटर भी है लेकिन उसकी वायरिंग ठीक नहीं होने से वह नहीं चल पाता। वहीं इस सीएचसी पर एक भी बाल रोग विशेषज्ञ की भी नियुक्ति नहीं कि गई है। जिस वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
अस्पताल में यदि कोई मरीज पहुंच जाए तो उसे गंदी चादर और गंदगी में ही इलाज करना होगा। अस्पताल का निर्माण लगभग 40 साल पहले हुआ था। क्षेत्र की दो लाख 22 हजार आबादी को राहत पहुंचाने के लिए अस्पताल बनाया गया है। जिले के आला अधिकारियों के साथ ही जनप्रतिनिधि भी समय-समय पर अस्पताल का निरीक्षण करने आते हैं, लेकिन यहां की कमियां आज तक दूर नहीं हुईं।
जांच की सुविधा न होने से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ती है। उन्हें लगभग 30 किलोमीटर का सफर तय कर जिला मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला चिकित्सालय जाना पड़ता है या निजी अस्पतालों की शरण लेनी होती है।
धानापुर के सीएचसी अधीक्षक डॉ. जय प्रकाश गुप्ता ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ केंद्र पर एक्स-रे मशीन है पर टेक्नीशियन की नियुक्ति अभी तक नहीं हो सकी है। सहायक टेक्नीशियन के तौर पर एक व्यक्ति कार्य करते हैं लेकिन वर्तमान समय में ओपीडी बंद होने से एक्स-रे का कार्य बंद है।