नौगढ़। क्षेत्र के मझगांवा गांव में बुधवार की रात ट्रैक्टर पलटने से सरिया में दबकर राजेंद्र वनवासी (45) निवासी मझगाई की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस शव थाने ले आई। गुरुवार को मौत की जानकारी मिलने पर परिवारीजन और गांव के लोग थाने पहुंचे हंगामा करने लगे। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह समझा-बुझाकर शांत कराया। मझगाई गांव निवासी संदीप पटेल का ट्रैक्टर राबर्ट्सगंज से सरिया लादकर मझगाई गांव जा रहा था। गांव का ही राजेंद्र वनवासी मजदूर के रूप में ट्रैक्टर पर साथ गया था। रात करीब नौ बजे ट्रैक्टर मझगांवा गांव के समीप पहुंचा था कि सड़क के गड्ढे में फंसकर पलट गया। इससे राजेंद्र सरिया के नीचे दब गया। ग्रामीणों सूचना पर पहुंची पुलिस ने राजेंद्र को बाहर निकाला लेकिन उसकी मौत हो गई थी। पुलिस शव थाने ले आई। गुरुवार को राजेंद्र की मौत की सूचना मिलते ही परिवारीजन ग्रामीणों केे साथ थाने पहुंचे और मुआवजा की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने उन्हें शांत कराया और तहरीर लेकर चालक सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। वहीं, तहसीलदार आनंद कुमार कन्नौजिया ने कोतवाली पर पहुंचे लोगों को कंबल देते हुए मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं, राजेंद्र की पत्नी शांति, मां कुसुमी, बेटे सोनू (17), प्रद्युम्न (15), वकील (12) और शुभम (10) का रो रोकर हाल बेहाल हो गया।