कल चंदौली आएंगे सीएम योगी: 19 करोड़ के विकास कार्यों का करेंगे शिलान्यास, जनसभा को करेंगे संबोधित
चंदौली में पांच अक्तूबर को सीएम योगी आदित्यनाथ का दौरा होना है। जिसे लेकर प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है।
विस्तार
बाबा कीनाराम आश्रम के जीर्णोद्धार और लगभग 19 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास करने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चंदौली के रामगढ़ आएंगे। वह मंदिर में दर्शन पूजन के बाद जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके लिए गांव-गांव जाकर लोगों को आमंत्रण दिया जा रहा है।
उधर, प्रदेश के पर्यटन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नीलकंठ तिवारी शुक्रवार को तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा और साफ सफाई व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए। बाबा कीनाराम के 450वें जन्मोत्सव पर 2019 में रामगढ़ स्थित आश्रम में आए सीएम योगी ने आश्रम और आसपास के विकास कार्यों की घोषणा की थी।
जनसभा को सफल बनाने के लिए भाजपाजन तैयार
संक्रमण के चलते इस पर ग्रहण लग गया था। नवंबर में कार्यदायी संस्था को पैसे मिल चुके हैं और कार्य शुरू होने वाला है। सीएम की जनसभा को सफल बनाने के लिए भाजपाजन तैयार है। जनसभा में 20 हजार लोगों को जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
शुक्रवार को पर्यटन राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह और जिलाधिकारी संजीव सिंह ने बाबा कीनाराम मठ परिसर सहित हेलीपैड पार्किंग, सफाई आदि के साथ सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
पढ़ेंः गोरखपुर में पीएम मोदी की रैली: पूर्वांचल से कुल 1750 बसों की व्यवस्था, वाराणसी परिक्षेत्र की 200 बसें जाएंगी
जनसभा में कार्यकर्ताओं के आने का आह्वान
जनसभा से सकलडीहा को साधने की कोशिश
सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़ में रविवार को होने जा रही सीएम योगी की जनसभा कई मायनों में महत्वपूर्ण है। सकलडीहा विधानसभा में अभी तक दो बार विधानसभा चुनाव हो चुके हैं पर एक बार भी कमल नहीं खिला है।
2017 के मोदी लहर के बावजूद चंदौली के चार विधानसभाओं में तीन पर भाजपा ने जीत हासिल की थी पर सकलडीहा में सपा के प्रभु नारायण विधायक बने थे। इससे पहले 2012 में बसपा से सुशील सिंह ने जीत हासिल की थी। इस जनसभा से सकलडीहा में इस बार भाजपा की ओर जनता का रूख मोड़ने की कोशिश की जाएगी।