UP News: खाद वितरण में हंगामा...समिति के सचिव व किसान संगठन के नेता को कमरे में किया बंद, प्रदर्शन; पहुंचे AR
Chandauli News: चंदाैली में साधन सहकारी समिति पर खाद वितरण के दाैरान हंगामा होने लगा। किसानों ने आरोप लगाया कि समिति के सचिव अनियमितता कर रहे हैं। माैके पर पहुंचे किसान नेता को भी कमरे में बंद कर दिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कंदवा क्षेत्र के कोदई स्थित साधन सहकारी समिति असना में बृहस्पतिवार को सुबह से नंबर लगाने के बावजूद खाद न मिलने से नाराज किसानों ने समिति के सचिव और एक किसान संगठन के मंडल प्रवक्ता को पांच घंटे तक कमरे में बंद रखा। किसानों ने इसकी सूचना पुलिस को भी दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ज्योंही दरवाजा खोला किसान यूनियन का तथाकथित मंडल प्रवक्ता मौके से भाग निकला। करीब पांच घंटे बाद रात नौ बजे एआर कोऑपरेटिव श्रीप्रकाश उपाध्याय मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाकर और दो दिन पर्याप्त खाद वितरित कराने का आश्वासन देकर शांत कराया।
इसके बाद किसानों ने सचिव को मुक्त कर दिया। साधन सहकारी समिति असना पर 666 बोरी यूरिया उपलब्ध थी। समिति के सचिव सुनील तिवारी ने जलालपुर और सुढना गांव के किसानों को उर्वरक वितरित करने के लिए बुलाया। किसान समिति पर पहुंच कर नंबर लगाकर खाद बंटने का इंतजार करने लगे।
किसानों में नाराजगी
इसी दौरान एक किसान संगठन का तथाकथित मंडल प्रवक्ता वहां पहुंचा और अपने लिस्ट के अनुसार अपने लोगों में 666 बोरी यूरिया वितरित करा दिया। इससे सुबह से नंबर लगाकर खाद का इंतजार कर रहे जलालपुर के 50 और सुढना के 25 किसानों को एक बोरी भी खाद नहीं मिल पाई।
इसे लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। खाद न मिलने और वितरण में भेदभाव से नाराज किसानों ने समिति के सचिव व किसान यूनियन के मंडल प्रवक्ता को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद किसानों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिसकर्मियों ने दरवाजा खोला तो तथाकथित मंडल प्रवक्ता वहां से भाग निकला।
किसानों के शोर मचाने पर पुलिस ने फिर से दरवाजा बंद कर दिया और सूचना एआर कोऑपरेटिव श्रीप्रकाश उपाध्याय दी। करीब पांच घंटे बाद वे रात 10 बजे मौके पर पहुंचे और पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने का आश्वासन देकर किसानों को शांत कराया। किसानों ने 666 बोरी खाद कितने और कहां के किसानों को दी गई है, इसकी जांच कराए जाने और दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
समिति पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी और भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा न हो, इसके लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। - श्रीप्रकाश उपाध्याय, एआर कोऑपरेटिव, चंदौली।