Chandauli News: केले का दाम पूछने पर अधिवक्ता और परिजनों की पिटाई, 25 फल विक्रेताओं के खिलाफ केस
Chandauli News: चंदौली जिले में कोतवाली गेट पर केले का दाम पूछने पर फल विक्रेताओं ने अधिवक्ता और उनके परिजनों की पिटाई की। इस मामले में पुलिस ने पांच नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
विस्तार
चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली के गेट पर फल विक्रेताओं ने मंगलवार की रात केले का रेट पूछने पर हुए विवाद के बाद अधिवक्ता और उसके परिवार वालों की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस दौरान कार का शीशा भी तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी प्रकार अधिवक्ता और उसके परिवार वालों को बचाया।
अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद और 20 अज्ञात फल विक्रेताओं के विरूद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। इसके बाद कोतवाल ने कोतवाली के आसपास अवैध रूप से ठेले को हटवा दिया और अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से ढहा दिया। फिलहाल पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
क्या है पूरा मामला
मुगलसराय कोतवाली गेट पर हर रोज अवैध रूप से फल के ठेले लगाए जाते हैं। वहां अक्सर गाड़ी खड़ा करने को लेकर ठेला संचालकों और आमजन से विवाद हो जाता है। मंगलवार को हनुमानपुर निवासी अधिवक्ता मो. इस्लाम अपने परिवार के साथ कार से मुगलसराय कोवताली गेट के पास लगे एक ठेले पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने फल विक्रेता से केले का रेट पूछा। आरोप है कि फल विक्रेता ने किलो के भाव से उसका रेट बताया।
इस पर अधिवक्ता और फल विक्रेता के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि फल विक्रेता ने अन्य विक्रेताओं के साथ मिलकर अधिवक्ता की पिटाई कर दी। इस दौरान फल विक्रेताओं ने गाड़ी में बैठे अधिवक्ता के परिवार वालों को पीट दिया। आरोप है कि गाड़ी शीशा और दरवाजा भी तोड़ दिया। घटना की जानकारी होते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी प्रकारा अधिवक्ता और उसके परिवार वालों को बचाया।
अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने विक्की, कैलाश, अनिल, रामलखन और मनोज सोनकर और 20 अज्ञात लोगों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज लिया। वहीं मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने कोतवाली के आसपास लगे ठेले को हटवा दिया और अतिक्रमण को जेसीबी से ढहा दिया। इस संबंध में मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह ने बताया कि घटना के शामिल अनिल और विक्की को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इसे भी पढ़ें; वाराणसी में सीडीओ का एक्शन: लापरवाही पर तीन चिकित्सा प्रभारियों का वेतन रोका, अकाउंट मैनेजर कार्यमुक्त
थाने के गेट पर कई वर्षों से अवैध अतिक्रमण, मूकदर्शक बनी रहती है पुलिस
मुगलसराय थाने के सामने कई वर्षों से अवैध अतिक्रमण है। थाने के गेट पर ही करीब 12 से 15 ठेले और फल की दुकानें लगाई गई हैं। इसकी वजह से गेट पर भारी अतिक्रमण भी दिखता है लेकिन पुलिस ने आजतक कोई कार्रवाई नहीं किया। इसके पीछे के कारणों को लेकर बाजार में चर्चा तेज थी। अब जब अवैध अतिक्रमणकारियों ने अधिवक्कता को पीट दिया तो रातो-रात पुलिस की आंख खुली और अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया गया।