Chandauli News: हाईवे किनारे चार लोगों को मारी गोली, पहुंची पुलिस; आरोपी के घरवालों से कर रही पूछताछ
UP Crime: चंदौली में गनशाॅट की सूचना पाकर माैके पर मुगलसराय कोतवाली की पुलिस भी पहुंच गई। घायलों को ट्राॅमा सेंटर पहुंचाया गया। यहां एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई थी। वहीं, पुलिस आरोपी के घरवालों से पूछताछ कर रही है।
विस्तार
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सहजौर गांव के समीप हाईवे किनारे शनिवार की देर रात बदमाशों ने पुराने विवाद में चार लोगों को गोली मार दी। घायलों को ट्रामा सेंटर बीएचयू में भर्ती कराया गया है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के पुरवा गांव निवासी गोलू यादव (26) सहजौर गांव में अपने मामा जयप्रकाश यादव के यहां रहता था । बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह किसी बात को लेकर के गांव में कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया इसके बाद देर रात सहजौर गांव के एक युवक ने गोलू यादव पर फायर झोंक दिया।
परिजनों में मचा कोहराम
गोली की आवाज सुनकर बीच बचाव में आए सोनू यादव, कृष्णा यादव और अक्षय यादवको भी गोली लग गई। इसके बाद हमलावर मौके से भाग गए। आनन फानन में ग्रामीण घायलों को निजी वाहन से बीएचयू ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे। जहां तीनों का इलाज चल रहा है। इसमें गोलू यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद माैके पर मुगलसराय कोतवाली सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस आरोपी के घर जाकर पूछताछ करने में जुटी रही। सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि तीन लोगों को गोली लगी है। आरोपी की तलाश की जा रही है। घायलों का ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है।