चंदौली: कुत्ते को बचाने में अनियंत्रित होकर पलटी स्कॉर्पियो, पांच युवक घायल
चंदौली के सराय छोटू रिंग रोड पर कुत्ते को बचाने के प्रयास में स्कॉर्पियो पलट गई। हादसे में पांच युवक घायल हुए। दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी विधायक सुशील सिंह के काफिले में चलती है।
विस्तार
चंदौली के सराय छोटू रिंग रोड पर मंगलवार को सड़क पर अचानक आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन सवार पांच युवक घायल हो गए। इनमें चालक को अधिक चोटें आई हैं। दुर्घटना रौना गांव के पास शिवम ईंट भट्ठे के नजदीक हुई। सभी घायलों को उपचार के लिए भोगवारे स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।
कुत्ते को बचाने में चालक ने खोया नियंत्रण
जानकारी के अनुसार, काली स्कॉर्पियो में पांच युवक सवार थे। सभी बसनी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं और अपने ननिहाल से लौट रहे थे। इसी दौरान सराय छोटू गांव के पास अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद स्कॉर्पियो सड़क पर पलट गई।
चालक को सिर और हाथ में चोट
हादसे में चालक के सिर और हाथ के पंजे में चोट आई है। वहीं, वाहन में सवार अन्य चार युवकों को भी हल्की चोटें लगी हैं। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलने पर घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
विधायक के काफिले में चलती है स्कॉर्पियो
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो सैयदराजा विधायक सुशील सिंह के काफिले में चलती है। हादसे के बाद सड़क पर पलटी गाड़ी को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। फिलहाल सभी घायलों की स्थिति सुरक्षित बताई जा रही है।