चंदौली जिला अस्पताल: 14 घंटे स्ट्रेचर पर ही कराहता रहा मरीज, इलाज के नाम पर बाहर से इंजेक्शन मंगाकर लगाया
चंदौली जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिला अस्पताल में भर्ती एक मरीज के परिजनों का आरोप है कि 14 घंटे तक मरीज स्ट्रेचर पर कराहता रहा, लेकिन इलाज नहीं शुरू किया गया।
विस्तार
चंदौली जिले में जिला अस्पताल के इमरजेंसी में स्ट्रेचर पर 14 घंटे तक मरीज दर्द से कराहता रहा, लेकिन उसका इलाज शुरू नहीं हो सका। परिजनों का कहना है कि काफी देर बाद जब चिकित्सक से इलाज की गुहार लगाई तो उन्होंने बाहर से एक 600 रुपये का इंजेक्शन मंगाकर लगा दिया। जंगली सुअर के हमले से युवक के सिर, हाथ पैर, पेट में गंभीर चोटें आईं थीं। सुबह भी इलाज न होने पर परिजनों ने पूर्व विधायक मनोज डब्लू को फोन किया। उनके आने के बाद करीब 12 बजे इलाज शुरू हो सका।
यह है पूरा मामला
धानापुर थाना क्षेत्र के नरौली निवासी रामायण यादव (45) मंगलवार की शाम अपने खेत से पशु के लिए चारा काटने के लिए गए थे। वहीं जंगली सुअर ने उन पर हमला कर दिया। जिससे उनको गंभीर चोटें आईं। वहां मौजूद चरवाहे ने उन्हे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। उनके भाई रामअवतार यादव ने बताया कि सीएचसी से हालत गंभीर बताकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। करीब रात 10 बजे जिला अस्पताल के इमरजेंसी में पहुंचे। भाई का सिर फट चुका था। हाथ, पैर और पेट में गंभीर चोटें थीं। इसके बाद भी काफी देर तक कोई इलाज नहीं हुआ।
डॉक्टर से इलाज करने को कहा और गंभीर स्थिति बताई तो उन्होंने बाहर से 600 रुपये का इंजेक्शन मंगाकर लगा दिया। पूरी रात भाई स्ट्रेचर पर ही रहा, गंभीर स्थिति होने के बाद भी केवल क्लूकोज की बोतलें लटकाकर इलाज के नाम पर खानापूर्ति हुई। वहां मौजूद नर्सों ने इसके लिए भी 200 रुपये ले लिए।
कहा कि बुधवार की दोपहर 11 बजे तक भी जब कोई इलाज नहीं शुरू हुआ तो सपा के पूर्व विधायक मनोज डब्लू को फोन कर अपनी व्यथा सुनाई। वे 12 बजे के करीब अस्पताल पहुंचे और सीएमएस को फोन कर बात किया। उनके बात करने के बाद भाई का इलाज शुरू हुआ। उसका एक्सरे और ड्रेसिंग किया गया।
क्या बोले विधायक
क्या बोले अधिकारी
जिला अस्पताल के इमरजेंसी में घायल युवक का प्राथमिक उपचार करने के बाद भर्ती कर लिया गया। चिकित्सा के परामर्श पर उसका सिर्फ एक्स-रे करना बाकी था। जो सुबह कराया गया और घायल का उपचार चल रहा है। -डॉ. सत्य प्रकाश, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला अस्पताल चंदौली
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.