चंदौली। मुख्यालय स्थित चंदौली कोट शुक्रवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। इस दौरान पुरानी रंजिश को लेकर ताबड़तोड़ गोलियां चली, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। पीड़ित पक्ष की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस चंदौली कोट पहुंची और घायलों को थाने ले आयी। घायल नामवर सिंह ने थाने में तहरीर देकर छह लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करायी है। घटना की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है, जिसमें दो युवक असलहे से ताबड़तोड़ फायर करते दिख रहे हैं। पुलिस उक्त मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की धर-पकड़ के साथ ही घायलों का दवा-इलाज करा रही है। पुलिस को दी गयी तहरीर के मुताबिक चंदौली कोट निवासी नामवर सिंह अपने छोटे भाई केदारनाथ सिंह के साथ घर पर बातचीत कर रहे थे, तभी शाम 03:30 बजे पुरानी रंजिश को लेकर तुंगनाथ सिंह अपने लड़कों के साथ उनके घर में घुस आए और लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इसी बीच उनके पुत्र अखिलेश सिंह व ज्ञानेंद्र सिंह ने टांगे से उन पर प्रहार कर किया। तभी वहां मौजूद दो युवकों ने असलहे से फायर करना शुरू कर दिया। यह देख दोनों भाई किसी तरह घर के अंदर भागकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मौके पर करीब 10 से 15 राउंड फायर किया गया, जिससे आसपास दहशत का माहौल कायम हो गया और आसपास सड़कों पर मौजूद लोग घरों के अंदर भाग अपनी जान बचाए। अचानक हुई घटना से दहशतजदा नामवर सिंह व केदारनाथ सिंह ने पुलिस को फोन किया और जब कुछ समय बाद पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो घायल नामवर सिंह व केदारनाथ सिंह को अपनी सुरक्षा में थाने ले आयी। मारपीट की इस घटना में केदारनाथ के सिर में चोटे थीं। नामवर सिंह ने सदर कोतवाली को तहरीर देकर तुंगनाथ सिंह व उनके पुत्र अखिलेश सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, अम्बरीश सिंह, सत्यम सिंह, दिलीप सिंह के खिलाफ नामजद तहरीर देकर झाड़ी-डंडा, टांगे से प्रहार कर घायल करने व जान से मारने के लिए लक्ष्य कर असलहे से फायर करने के शिकायत दर्ज करायी है। इस संबंध में सीओ सदर अनिल राय ने बताया कि मारपीट का मामले की तहरीर मिली है मुकदमा दर्ज कर पुलिस कार्रवाई कर रही है। जांच में यदि फायरिंग की पुष्टि होती है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही असलहों के लाइसेंस निरस्तीकरण का कार्रवाई होगी।